

बीजिंग/शेनझेन : अमेरिका, चीन और रूस के राष्ट्रपतियों ने गुरुवार को अपनी पहली त्रिपक्षीय बैठक के बाद ‘शांति की दिशा में घोषणा’ जारी की। इसमें संयुक्त राष्ट्र (यूएन) में सुधार, परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने तथा परमाणु जोखिम कम करने के लिए बातचीत पर सहमति जताई गई। तीनों नेताओं ने दोहराया कि परमाणु युद्ध न तो जीता जा सकता है और न ही इसे कभी लड़ा जाना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच यह बैठक शेनझेन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन से इतर हुई। करीब 90 मिनट चली बैठक के बाद जारी चार सूत्री घोषणा में नेताओं ने रणनीतिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई। हालांकि, इसमें यूक्रेन और ईरान के युद्धों का उल्लेख नहीं किया गया, जबकि ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने दोनों नेताओं के साथ इन संघर्षों पर चर्चा की है।
तीनों देशों की संयुक्त घोषणा के चार प्रमुख बिंदु :
संयुक्त राष्ट्र में सुधार पर जोर :
घोषणा में कहा गया कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में अमेरिका, चीन और रूस संगठन में सुधार के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसका उद्देश्य वैश्विक चुनौतियों से निपटने में संयुक्त राष्ट्र को अधिक प्रभावी बनाना और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उसके मूल उद्देश्य के अनुरूप कामकाज सुनिश्चित करना है।
पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाने पर सहमति :
तीनों देशों ने सभी राष्ट्रों के हित में परिष्कृत पेट्रोलियम उत्पादों का उत्पादन और आपूर्ति बढ़ाने की योजना बनाई है। उन्होंने ऊर्जा की स्थिर और निर्बाध आपूर्ति के महत्व को भी दोहराया। मौजूदा वैश्विक ऊर्जा संकट के बीच इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
आईसीसी के अधिकार क्षेत्र पर सहमति :
तीनों राष्ट्राध्यक्षों ने देशों की सहमति के सिद्धांत और सरकारी अधिकारियों को प्राप्त कानूनी प्रतिरक्षा के सम्मान को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) और ऐसी अन्य संस्थाओं को अपने अधिकार क्षेत्र का दुरुपयोग नहीं करना चाहिए।
परमाणु युद्ध रोकने पर प्रतिबद्धता :
तीनों नेताओं ने दोहराया कि परमाणु युद्ध न तो जीता जा सकता है और न ही इसे कभी लड़ा जाना चाहिए। उन्होंने परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के उपायों पर आपसी बातचीत करने पर सहमति जताई।