

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के विद्युत विभाग ने सरकारी भंडारों और परिसंपत्तियों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हाल ही में ऑनलाइन स्टोर इन्वेंटरी मैनेजमेंट सिस्टम औपचारिक रूप से शुरू किया है। यह प्रणाली electricityims.andamannicobar.gov.in पर उपलब्ध है। इस अनुप्रयोग को विद्युत विभाग के लिए व्यावसायिक और तकनीकी शिक्षा संवर्धन समिति (एसओवीटेक) द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य भंडार में उपलब्ध सामग्रियों का प्रभावी और कुशल प्रबंधन सुनिश्चित करना है। ऑनलाइन पोर्टल भंडार में उपलब्ध सामग्रियों तक पहुंच और उनके प्रबंधन के लिए एक केंद्रीकृत मंच प्रदान करता है। इसके माध्यम से सामग्रियों की प्राप्ति, निर्गम और प्रेषण का ऑनलाइन रिकॉर्ड रखने तथा उनकी निगरानी करने की सुविधा मिलेगी। इससे भंडार प्रबंधन अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनेगा। यह प्रणाली भंडार में उपलब्ध सामग्री के स्तर की बेहतर निगरानी करने तथा आवश्यक सामग्रियों की समय पर योजना और खरीद में भी सहायता करेगी, जिससे महत्वपूर्ण सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी। सिम्स अनुप्रयोग के कार्यान्वयन से जवाबदेही और मजबूत होगी तथा परिचालन दक्षता में सुधार आएगा। इसके माध्यम से केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन की विकासात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सहायता मिलेगी, ताकि सभी क्षेत्रों में विश्वसनीय और निरंतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयासों को क्रमिक रूप से आगे बढ़ाया जा सके।