10वीं अंडमान मैराथन 2026 का आयोजन कल

हाफ मैराथन श्रेणी में प्रथम पुरस्कार 1,00,000 रुपये
10वीं अंडमान मैराथन 2026 का आयोजन कल
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, श्री विजयपुरम द्वारा अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के सहयोग से कल यानी रविवार को आयोजित की जाने वाली 10वीं अंडमान मैराथन 2026 की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। शुक्रवार शाम को मीडिया से बातचीत करते हुए एसीसीआई के अध्यक्ष डॉ. के. चंद्रशेखरन ने बताया कि अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल तथा आईलैंड्स डेवलपमेंट एजेंसी के उपाध्यक्ष एडमिरल डी. के. जोशी (सेवानिवृत्त) रविवार को प्रातः 5:15 बजे ऐतिहासिक राष्ट्रीय स्मारक सेल्युलर जेल से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बहुप्रतीक्षित आयोजन के लिए अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह सहित मुख्यभूमि भारत से 3000 से अधिक धावकों ने पंजीकरण कराया है। इस मेगा आयोजन के लिए एएनसीसीआई द्वारा प्रशासन के विभिन्न विभागों के सहयोग से व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पंजीकृत प्रतिभागियों से अनुरोध किया गया है कि वे सेल्युलर जेल स्थित प्रारंभिक स्थल पर एकत्र हों, जहां सुबह ठीक 4:30 बजे ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों के लिए किट, जिसमें टी-शर्ट, इलेक्ट्रॉनिक टाइमर चिप युक्त बिब्स एवं पंजीकरण संख्या शामिल है, शुक्रवार को नेताजी स्टेडियम, श्री विजयपुरम से वितरित की गयी। इस अवसर पर मैराथन समिति-2026 के अध्यक्ष एवं एएनसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद एच. जदवेट ने भी मीडिया को संबोधित किया। हाफ मैराथन श्रेणी, जो 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी प्रतिभागियों के लिए खुली है तथा पुरस्कार राशि केवल भारतीय नागरिकों के लिए पात्र है, में प्रथम पुरस्कार 1,00,000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 60,000 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 40,000 रुपये पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए निर्धारित किया गया है।

द्वीपवासियों के लिए आकर्षक पुरस्कार, कुल राशि 10,05,000 रुपये

द्वीपों के धावकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आगामी 10वीं अंडमान मैराथन के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि घोषित की गई है। यह मैराथन 8 फरवरी 2026 को आयोजित की जाएगी, जिसमें द्वीपवासियों के लिए विभिन्न आयु वर्गों और श्रेणियों में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजकों के अनुसार, पुरुष एवं महिला प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग 5,02,500 रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, जिससे कुल पुरस्कार राशि 10,05,000 रुपये हो जाती है। 10 किलोमीटर ओपन श्रेणी, जो केवल द्वीपवासियों तक सीमित है, में पुरुष एवं महिला वर्ग के लिए प्रथम पुरस्कार 50,000 रुपये, द्वितीय 30,000 रुपये तथा तृतीय 20,000 रुपये रखा गया है। इसी प्रकार 10 किलोमीटर सीनियर्स श्रेणी, जो 50 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों एवं 40 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए है, में भी समान पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इसके अलावा 10 किलोमीटर बालक एवं बालिका श्रेणी (14 से 17 वर्ष आयु वर्ग) में प्रथम 40,000 रुपये, द्वितीय 25,000 रुपये तथा तृतीय 15,000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। वहीं 2 किलोमीटर बालक-बालिका श्रेणी (10 से 13 वर्ष आयु वर्ग) में प्रथम 10,000 रुपये, द्वितीय 7,500 रुपये एवं तृतीय 5,000 रुपये का पुरस्कार रखा गया है। सभी श्रेणियां केवल द्वीपवासियों के लिए खुली रहेंगी। आयोजकों ने बताया कि मैराथन की विभिन्न श्रेणियों के रूट मैप भी जारी कर दिए गए हैं। इनमें हाफ मैराथन (21 किलोमीटर), 10 किलोमीटर, सीनियर्स, बालक-बालिका, 2 किलोमीटर, रन फॉर फन तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की श्रेणी शामिल है, जिससे अधिक से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in