टेनिस खिलाड़ी राधिका हत्याकांड : पिता दीपक ने ही मारीं तीन गोलियां

चाचा कुलदीप ने कहा कि गोलीबारी के समय राधिका की मां वहीं थीं
टेनिस खिलाड़ी राधिका हत्याकांड : पिता दीपक ने ही मारीं तीन गोलियां
Published on: 


गुरुग्राम : गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि वह पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की हत्या के सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है, जिसमें यह भी शामिल है कि घटना के समय उनकी मां क्या कर रही थीं? राधिका के चाचा कुलदीप यादव की ओर से दी गयी शिकायत के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, घटना के समय राधिका की मां मंजू यादव मकान की पहली मंजिल पर ही मौजूद थीं।

गुरुग्राम के पॉश इलाके सुशांत लोक में स्थित अपने दो मंजिला मकान में गुरुवार को दीपक यादव ने अपनी बेटी राधिका (25) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाद में दीपक यादव (49) ने बेटी की हत्या की बात कबूल कर ली, फिर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। राधिका यादव पिछले साल एक संगीत वीडियो में नजर आई थीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हो सकता है कि इस संगीत वीडियो की वजह से घर में तनाव पैदा हुआ हो, इसलिए वह इस पहलू की भी जांच करेंगे। प्राथमिकी में, कुलदीप यादव ने कहा कि दीपक, उनकी पत्नी मंजू और बेटी राधिका सेक्टर 57 स्थित मकान की पहली मंजिल पर जबकि वह (कुलदीप) अपने परिवार के साथ भूतल पर रहते हैं। प्राथमिकी में कहा गया है कि गुरुवार सुबह लगभग 10:30 बजे, उन्होंने अचानक एक ‘तेज आवाज’ सुनी और पहली मंजिल पर पहुंचे। कुलदीप ने कहा, ‘मैंने अपनी भतीजी राधिका को रसोई में खून से लथपथ देखा और रिवॉल्वर ड्राइंग रूम में मिली। मेरा बेटा पीयूष यादव भी दौड़ता हुआ पहली मंजिल पर पहुंचा। हम दोनों राधिका को उठाकर अपनी कार में सेक्टर 56 में स्थित एशिया मैरिंगो अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’ इससे पहले, पुलिस ने बताया था कि घटना अपराह्न करीब 2 बजे हुई, जब राधिका पहली मंजिल पर रसोई में खाना बना रही थी। कुलदीप यादव ने बताया कि घटना के समय घर की पहली मंजिल पर केवल दीपक, उसकी पत्नी और बेटी ही थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के समय दीपक का बेटा धीरज वहां मौजूद नहीं था और यह बात प्राथमिकी में दर्ज है। पुलिस के अनुसार, दीपक ने कम से कम पांच गोलियां चलाईं, जिनमें से तीन राधिका की पीठ में लगीं और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। पहले कहा गया था कि राधिका की मां भूतल पर थीं और गोलियों की आवाज सुनकर ऊपर की ओर दौड़ीं। उनके अनुसार, गोलियों की आवाज प्रेशर कुकर के फटने जैसी थी। पूर्व टेनिस खिलाड़ी के चाचा कुलदीप ने पुलिस से कहा, ‘मेरी भतीजी एक बहुत अच्छी टेनिस खिलाड़ी थी और उसने कई ट्रॉफियां जीती थीं। मेरी समझ नहीं आ रहा कि उसकी हत्या क्यों की गयी? मेरे भाई के पास लाइसेंस वाली .32 बोर की रिवॉल्वर है। वह वहीं पड़ी थी।’ सूत्रों के अनुसार, दीपक यादव ने कबूल किया है कि उसने राधिका पर गोली चलाई क्योंकि उसे अक्सर उसकी कमाई पर निर्भर रहने के लिए ताना मारा जाता था। हालांकि, पुलिस ने एक आधिकारिक बयान में दावा किया कि राधिका द्वारा संचालित टेनिस अकादमी ही पिता और बेटी के बीच विवाद का कारण थी। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप सिंह ने कहा, ‘राधिका एक टेनिस अकादमी चलाती थीं और उनके पिता इससे खुश नहीं थे।’ अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ की वेबसाइट के अनुसार, राधिका यादव ने इस साल की शुरुआत में इंदौर और कुआलालंपुर में टूर्नामेंट खेले थे, लेकिन ये क्वालीफाइंग प्रतियोगिताएं थीं, मुख्य प्रतिस्पर्धा नहीं थीं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in