

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने, पैदल यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा सार्वजनिक स्थानों के नियमन के उद्देश्य से श्री विजयापुरम नगर परिषद ने शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास संचालित अवैध दुकानों को प्रवर्तन टीम द्वारा हटाया गया। नगर परिषद के अनुसार ये दुकानें प्रतिबंधित क्षेत्र में स्थापित की गई थीं, जो सार्वजनिक स्थानों एवं गैर वेंडिंग जोन से संबंधित नगर परिषद नियमों का उल्लंघन कर रही थीं। एसवीपीएमसी ने प्रतिबंधित क्षेत्रों में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ अपनी सख्त नीति दोहराते हुए सभी दुकानदारों एवं फेरीवालों से नगर परिषद के नियमों का पालन करने की अपील की। परिषद ने विशेष रूप से कहा कि रामकृष्ण मिशन से फ्लैग प्वाइंट तक का क्षेत्र नॉन-वेंडिंग जोन घोषित किया गया है और इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परिषद ने यह भी स्पष्ट किया कि फुटपाथों, सड़क किनारों और अन्य अधिसूचित गैर वेंडिंग क्षेत्रों में अतिक्रमण के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे स्थानों पर लगाए गए किसी भी अवैध ढांचे या दुकानों को बिना किसी अतिरिक्त सूचना के हटाया जा सकता है। फेरीवालों और दुकानदारों को केवल निर्धारित वेंडिंग क्षेत्रों में ही व्यवसाय संचालित करने तथा वैध नगर परिषद अनुमति एवं लाइसेंस रखने की सलाह दी गई है। एसवीपीएमसी ने चेतावनी दी कि नियमों के उल्लंघन पर सामान एवं ढांचों की तत्काल जब्ती के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जा सकता है। स्वच्छ, व्यवस्थित और सुगम शहरी वातावरण बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए श्री विजयापुरम नगर परिषद ने नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारिक समुदाय से सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा एवं नागरिक अनुशासन बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।