पाकिस्तान में पुलिस चौकी पर आत्मघाती हमला, 12 की मौत

प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हमलावर ने विस्फोटकों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुलिस चौकी को निशाना बनाया
Suicide attack on police post in Pakistan; 12 dead
घायल को अस्पताल ले जाते लोग
Published on: 

पेशावर : पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को आत्मघाती हमले में दो महिलाओं और दो बच्चों समेत 12 लोगों की मौत हो गई तथा 18 अन्य घायल हो गए। प्रतिबंधित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हमलावर ने विस्फोटकों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुलिस चौकी को निशाना बनाया। राष्ट्रीय आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के अनुसार, हमला डेरा इस्माइल खान जिले की दराजिंडा तहसील में हुआ। यह इलाका खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की सीमा के पास है। क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी खान मुबाशिर मलिक ने बताया कि हमलावर ने अमन मेला पुलिस चौकी में ट्रैक्टर-ट्रॉली भिड़ा दी। मृतकों में सीमा शुल्क एवं आबकारी विभाग के दो अधिकारी भी शामिल हैं।

घायलों को जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल से विस्फोटकों के नमूने जुटाए हैं। सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। संघीय सरकार ने नवंबर 2022 में संघर्षविराम खत्म होने के बाद प्रांत में हुए हमलों के लिए टीटीपी को जिम्मेदार ठहराया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in