पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

तस्करों के घरों को नेस्तनाबूद करने को चली जेबीसी मशीन
पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
Published on: 

चंडीगढ़ : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य से नशा तस्करों के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए शुरू किए गए ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ मुहिम के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और इस पहल से आम जनता को बड़ी राहत मिल रही है।

पंजाब सरकार ने इस मुहिम को और तेज कर दिया है, जिसके तहत मंगलवार को कई जिलों में नशा तस्करों की संपत्ति से जुड़े अवैध निर्माण ध्वस्त किये गये। मंगलवार को की गयी इन कार्रवाइयों में जिला पुलिस अधिकारियों की निगरानी में नवांशहर और सुनाम ऊधम सिंह वाला में नशा तस्करों से संबंधित अवैध निर्माणों को गिराया गया। नवांशहर के कल्लरां मोहल्ले में शहीद भगत सिंह नगर पुलिस ने स्थानीय सिविल प्रशासन के सहयोग से नशा तस्करी में शामिल तीन परिवारों के अवैध निर्माण गिरा दिये। एसएसपी डॉ. मेहताब सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई बीरो, शिंदो और संतोष नामक महिलाओं के खिलाफ की गयी, जिन पर सामूहिक रूप से कई मामले दर्ज हैं, जिनमें से एक परिवार पर ही 14 केस दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इन अवैध निर्माणों को गिराने की कार्रवाई नगर परिषद के अनुरोध पर की गयी थी, जिसे इन निर्माणों को हटाने के लिए पुलिस सहायता की आवश्यकता थी। स्थानीय निवासी इन नशा तस्करों से काफी परेशान थे और अब पंजाब सरकार की इस कार्रवाई का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोगों ने राज्य से नशे को खत्म करने के लिए किए जा रहे इन प्रयासों का समर्थन किया है। इसी तरह, एसएसपी सरताज सिंह चहल की निगरानी में सुनाम ऊधम सिंह वाला में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने अनाज मंडी के मुख्य गेट के पास नशा तस्कर बुद्ध सिंह उर्फ बुद्धू के अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। इस व्यक्ति ने मार्केट कमेटी सुनाम से संबंधित जमीन पर अवैध कब्जा कर रखा था और कथित तौर पर नशीले पदार्थों की गतिविधियों के लिए एक घर और दुकान चला रहा था। उन्होंने आगे कहा कि उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत कई मामले दर्ज किए गए हैं। दोनों एसएसपी ने अपने-अपने क्षेत्रों में नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि या तो वे अपनी मर्जी से नशा तस्करी छोड़ दें या फिर गंभीर परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। उन्होंने लोगों से नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि इन अवैध गतिविधियों में शामिल आरोपितों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in