

बीजिंग : चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हालिया शिखर वार्ता से दोनों देशों के संबंधों में रणनीतिक स्थिरता को नई गति मिली है। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने रविवार को यह बात कही। शी ने 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका की यात्रा के दौरान ट्रंप से कई बैठकें कीं। वांग ने कहा कि दोनों नेताओं ने मैत्रीपूर्ण माहौल में आपसी सम्मान के साथ द्विपक्षीय संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के बीच अब तक तीन आमने-सामने की मुलाकातें और पांच फोन वार्ताएं हुई हैं, जिससे आपसी सम्मान और संवाद की परंपरा मजबूत हुई है। वांग के अनुसार, शी ने कहा कि स्थिर आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों के लिए सहयोग के क्षेत्रों का विस्तार और विवादों को कम करना जरूरी है। उन्होंने अमेरिका से चीनी कंपनियों के साथ निष्पक्ष व्यवहार करने और बातचीत से समस्याओं का समाधान करने को कहा। शिखर वार्ता में दोनों देशों ने कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े जोखिमों पर संवाद शुरू करने, व्यापार एवं निवेश बोर्ड को सक्रिय करने और 30 अरब डॉलर के गैर-संवेदनशील उत्पादों पर शुल्क में रियायत की व्यवस्था पर सहमति जताई। दोनों देशों के बीच एआई संवाद का अगला दौर नवंबर में होगा।