

नई दिल्ली : देश में मानसून की रफ्तार थमने से उत्तर भारत में भीषषण गर्मी पड़ रही है। गत बुधवार को राजस्थान का श्रीगंगानगर 48 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां सीजन का सबसे ज्यादा तापमान रिकॉर्ड हुआ। इससे पहले 2019 में शहर का तापमान 49 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बीच मौसम विभाग ने राजस्थान के 13 जिलों में भीषण गर्मी की चेतावनी दी है। बिहार के शिवहर में बुधवार को घर की मरम्मत कर रहे एक युवक की लू लगने से मौत हो गई। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तापमान भी 1-2 डिग्री बढ़ सकता है।
उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार है। पिछले 24 घंटे में लू (हीटस्ट्रोक) से 4 लोगों की मौत हुई है। गुरुवार को भी प्रदेश के कई जिलों में लू चलने की चेतावनी है। मध्य प्रदेश में गुरुवार को लगातार छठे दिन भीषण गर्मी का असर रहेगा। ग्वालियर, चंबल-सागर संभाग के 12 जिलों में लू चलने की संभावना है। राजधानी दिल्ली में पारा 45 डिग्री सेल्सियस पहुंचने के कारण रेड अलर्ट है। बुधवार को दिल्ली का आया नगर 45.0 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग ने गुरुवार को जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में गर्मी का अलर्ट जारी किया है।