

मैड्रिड : स्पेन में इस वर्ष की सबसे भीषण जंगल की आग ने बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है। अब तक करीब 1,600 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर राख हो चुका है, जबकि आग तेजी से फैलने के कारण 1,100 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।भीषण गर्मी, तेज हवाओं और सूखे मौसम के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आग की लपटों ने कई जंगलों और आसपास के इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया है। आग के खतरे को देखते हुए ओरेस, असीन, लुएसिया, मालपिका दे अर्बा, उनकास्तियो (ज़रागोज़ा) और पड़ोसी नवारा प्रांत के पेटिला दे आरागोन सहित छह गांवों को खाली कराया गया। सबसे अधिक नुकसान सेरो दे सिन्को विलास के चीड़ (पाइन) के जंगलों में हुआ है, जहां संचार एंटीना भी स्थित है। आग रिहायशी इलाकों लॉस रोब्लेस और सान लोरेन्जो के करीब तक पहुंच गई, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने नगर के खेल परिसर को राहत शिविर में बदल दिया। वहीं, स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट को भी राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैनात किया गया है। आग बुझाने के लिए सैकड़ों दमकलकर्मी, राहत एवं बचाव दल तथा हेलीकॉप्टर और विमान तैनात किए गए हैं। अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों से सतर्क रहने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और आग को आबादी वाले इलाकों तक पहुंचने से रोकना है। फिलहाल किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग से पर्यावरण और वन संपदा को भारी नुकसान हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, यूरोप में बढ़ती भीषण गर्मी और लंबे समय तक बने रहने वाले सूखे के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। स्पेन भी इस वर्ष अत्यधिक तापमान और शुष्क मौसम का सामना कर रहा है, जिससे आग तेजी से फैल रही है।