चुनाव ड्यूटी के कारण कॉलेजों में जगह की कमी, सीयू कैंपस में हो सकती हैं BA-BSc की परीक्षाएं

24 मार्च से शुरू होंगी तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं
चुनाव ड्यूटी के कारण कॉलेजों में जगह की कमी, सीयू कैंपस में हो सकती हैं BA-BSc की परीक्षाएं
Published on

12 कॉलेजों में केंद्रीय बलों की तैनाती से पैदा हुई कठिनाई

मुनमुन, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : कलकत्ता विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट परीक्षाओं के आयोजन को लेकर नयी चुनौती सामने आई है। 24 मार्च से शुरू होने वाली बीए, बीएससी और बीकॉम (ऑनर्स व मेजर) के तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाओं से पहले कई कॉलेज परिसरों में केंद्रीय बलों की तैनाती के कारण स्थान की कमी पैदा हो गई है। इस स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन परीक्षाएं विश्वविद्यालय कैंपस के भीतर आयोजित करने के विकल्प पर भी विचार कर रहा है। विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले 145 से अधिक संबद्ध कॉलेजों में से 12 कॉलेजों में इस समय केंद्रीय अर्धसैनिक बलों का कब्जा है। इन कॉलेजों के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परिसर में बलों की मौजूदगी के कारण वहां परीक्षाएं आयोजित करना संभव नहीं होगा। जिन कॉलेजों में यह समस्या सामने आयी है उनमें चारुचंद्र कॉलेज, जयपुरिया कॉलेज, सिटी कॉलेज, बेहाला कॉलेज (सरसुना), शिवनाथ शास्त्री कॉलेज और गुरुदास कॉलेज प्रमुख हैं।

छात्रों की सुविधा के लिए सीयू ने बनायी नयी योजना

सीयू के रजिस्ट्रार देबाशीष दास ने बताया कि परीक्षाएं 24 मार्च से 24 अप्रैल के बीच आयोजित की जाएंगी। इसी अवधि में वोकेशनल कोर्स के तीसरे सेमेस्टर की परीक्षाएं भी निर्धारित हैं। लिखित परीक्षाओं के साथ-साथ व्यावहारिक परीक्षाएं 27 मार्च से 21 अप्रैल के बीच कराई जाएंगी। साथ ही प्रथम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षाएं भी तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के साथ आयोजित की जाएंगी। स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय ने प्रभावित कॉलेजों के छात्रों के लिए वैकल्पिक परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था शुरू कर दी है। कई कॉलेजों ने अपने स्तर पर भी दूसरे संस्थानों में परीक्षा कराने की तैयारी की है। यदि इन व्यवस्थाओं के बावजूद कोई समस्या बनी रहती है, तो हम विश्वविद्यालय कैंपस के अंदर ही परीक्षाएं आयोजित करने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in