लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी 2027 में प्रदेश में सरकार बनाने के बाद ‘स्त्री सम्मान समृद्धि’ योजना शुरू करेगी और गरीब महिलाओं को प्रतिमाह 3 हजार रुपये देगी। सपा मुख्यालय में रविवार को पार्टी की महिला सभा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री यादव ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा और दावा किया कि मौजूदा सरकार में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनने पर महिलाओं की समृद्धि और सम्मान के लिए योजनाएं चलाई जाएंगी।
सपा की पहल थी ‘समाजवादी पेंशन योजना’ : उन्होंने कहा कि जब उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनी थी तो हमने ‘समाजवादी पेंशन’ के माध्यम से गरीब महिलाओं को 500 रुपये देना शुरू किया था। भाजपा या अन्य दलों ने सपा सरकार की पहल ‘समाजवादी पेंशन योजना’ को दूसरे राज्यों में भाजपा या अन्य दलों ने लागू किया और सरकार बना ली और अब उन योजनाओं में कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गरीब महिलाओं को 3,000 रुपये देने का काम भी समाजवादी पार्टी की सरकार करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार में महिलाओं और बेटियों के लिए प्रदेश में सबसे असुरक्षित माहौल बना है।
भाजपा की ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति हो गई है ‘जीरो’ : यादव ने कहा कि भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था के मामले में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति ‘जीरो’ हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जब भाजपा सरकार पुलिस से चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक काम करवाएगी, लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराएगी व राजनीतिक लोगों को दबाएगी तो उनसे कानून व्यवस्था की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा की मंशा न्याय दिलाने की नहीं है, बल्कि पुलिस प्रशासन से राजनीतिक लाभ लेने की है। यादव ने यह भी कहा कि महिलाएं भी भाजपा से दूर हो गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी की सरकार की अच्छी योजनाओं को तोड़-मरोड़ कर अपने राजनीतिक लाभ के लिए दूसरे तरीके से संचालित कर रही है।