दक्षिण अंडमान वन प्रभाग ने 0.545 घन मीटर अवैध पदौक लकड़ी की जब्ती की

वन विभाग ने अवैध चिरी पदौक लकड़ी की खेप पकड़ी
दक्षिण अंडमान वन प्रभाग ने 0.545 घन मीटर अवैध पदौक लकड़ी की जब्ती की
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

विजयपुरम : विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर दक्षिण अंडमान वन प्रभाग के अंतर्गत मोबाइल स्क्वाड रेंज की एक टीम ने 5 अगस्त, 2026 को जिरकतांग वन क्षेत्राधिकार के अंतर्गत माइल तिलक आरक्षित वन के छोटा पत्थर घूम क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध रूप से चिरी गई पदौक लकड़ी बरामद की। अभियान के दौरान टीम ने कुल 18 नग अवैध रूप से चिरी गई पदौक लकड़ी जब्त की, जिसका कुल आयतन 0.545 घन मीटर पाया गया।इस अभियान में फॉरेस्टर उत्तम कुमार मिस्त्री, वनरक्षक सुशांत सरकार, वनरक्षक जॉन क्राइसोस्टम, आरएम श्री गणेश साहू, पॉल मार्क तथा श्री विशाल मिंज शामिल थे। टीम ने सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया और अवैध लकड़ी बरामद की।वन विभाग के अनुसार घटनास्थल पर कोई भी आरोपी मौजूद नहीं मिला। इस संबंध में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विभाग द्वारा घटनास्थल से प्राप्त सुरागों के आधार पर आरोपी की पहचान करने तथा उसे पकड़ने के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है। यह संपूर्ण अभियान दक्षिण अंडमान वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) राजी जॉर्ज, आईएफएस के समग्र पर्यवेक्षण तथा सहायक वन संरक्षक आर.एस. शरत और वन क्षेत्राधिकारी श्री जॉन विलियम के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।दक्षिण अंडमान वन प्रभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में वन विभाग का सहयोग करें तथा वन उपज अथवा वन्यजीव उत्पादों से संबंधित किसी भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबर 03192-255228 पर दें। विभाग ने आश्वासन दिया है कि सूचना देने वाले व्यक्तियों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in