

वाशिंगटन : अमेरिका में पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित समारोह के बाद एक असामान्य घटना सामने आई जब आर्लिंगटन राष्ट्रीय समाधि स्थल पर अज्ञात सैनिक के स्मारक की पहरेदारी कर रहे एक सैनिक ने रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ के साथ आए सलाहकारों और कर्मचारियों के एक समूह को कड़ी फटकार लगाई। वीडियो में हेगसेथ पत्नी जेनिफर और सहयोगियों के साथ स्मारक के सामने की खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें खिंचवाते दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरें खिंचवाने के बाद जब समूह वहां से हटने लगा, तभी जोर से हंसने की आवाज सुनाई दी। तभी स्मारक की पहरेदारी कर रहे सैनिक ने ऊंची आवाज में चेतावनी देते हुए कहा, ‘‘सभी आगंतुकों को हर समय यहां की शांति और गरिमा बनाए रखनी चाहिए।’’ ‘पेंटागन’ के शीर्ष प्रवक्ता सीन पार्नेल ने कहा, ‘‘पूर्व सैनिकों के सम्मान में आयोजित इस गरिमामय समारोह के दौरान सैनिक ने सभी को वहां की मर्यादा बनाए रखने के लिए उचित रूप से सचेत किया।’’उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री और पूरा विभाग जवानों के बलिदान का हमेशा सम्मान करता रहा है। इस समारोह में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हुए थे।