स्वर्ण मंदिर उड़ाने की धमकी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर हिरासत में

पांच ई मेल भेजकर दी थी धमकी
स्वर्ण मंदिर उड़ाने की धमकी, सॉफ्टवेयर इंजीनियर हिरासत में
Published on: 

अमृतसर : शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) को स्वर्ण मंदिर को उड़ाने की धमकी देने वाले पांच ई-मेल भेजने के मामले में फरीदाबाद से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि शुभम दुबे (24) को पकड़ा गया है और उससे 14 जुलाई को एसजीपीसी को भेजे गए पहले धमकी भरे ई-मेल के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि शुभम दुबे का लैपटॉप और फोन भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुबे के पास बीटेक की डिग्री है और वह कई कंपनियों में काम कर चुका है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इंजीनियर का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पंजाब पुलिस की साइबर अपराध शाखा और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की मदद से दुबे को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया है। एसजीपीसी प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि शीर्ष गुरुद्वारा संस्था को 14 जुलाई से स्वर्ण मंदिर को उड़ाने की धमकी वाले पांच ई-मेल मिले हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या ये धमकियां केवल किसी परेशान दिमाग की कार्रवाई हैं या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा। उन्होंने यह आशंका भी जतायी कि स्वर्ण मंदिर में आने वाले लोगों के दिमाग में कोई व्यक्ति डर पैदा करने की कोशिश कर सकता है।

धमकियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने गुरुवार को कहा कि इस घटनाक्रम से सिख समुदाय और राज्य के सभी शांतिप्रिय नागरिकों में चिंता पैदा हो गयी है।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भी बुधवार को धमकी भरे ई-मेल को बेहद गंभीर मामला बताया था।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in