

हनोई : वियतनाम की राजधानी हनोई में मंगलवार सुबह एक खाद्य दुकान में संदिग्ध गैस रिसाव के कारण हुए विस्फोट में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचावकर्मी उनकी तलाश में जुटे हैं। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजे भीड़भाड़ वाली डोंग दा सड़क पर स्थित दुकान में विस्फोट हुआ। इसकी तीव्रता से दुकान की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास की इमारतों के शीशे टूट गए। सड़क पर 20 मीटर से अधिक दूरी तक मलबा बिखर गया। करीब 15 मीटर के दायरे में स्थित 10 मकानों को भी नुकसान पहुंचा। सभी घायलों को तीन अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक घायल की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस के प्रारंभिक आकलन में खाना पकाने वाली गैस को विस्फोट की वजह बताया गया है। हालांकि, सटीक कारणों की जांच जारी है। बचावकर्मी मलबा हटाने के लिए भारी मशीनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।