

वाशिंगटन : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को अमेरिका के एशविल में जी-20 वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नरों की बैठक से इतर कतर के वित्त मंत्री अली बिन अहमद अल-कुवारी से मुलाकात की। अल-कुवारी ने वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच भारत की मजबूत और लचीली आर्थिक वृद्धि की सराहना की।
कतर के वित्त मंत्री ने सीतारमण को इस महीने के अंत में दोहा में होने वाली एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (AIIB) के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की 11वीं वार्षिक बैठक में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। उन्होंने सफल और सार्थक बैठक के लिए भारत के निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई।
दोनों नेताओं ने भारत-कतर के मजबूत रणनीतिक संबंधों और आर्थिक सहयोग को और बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। बातचीत में व्यापार, वित्त, निवेश, ऊर्जा सहयोग, भारत-कतर निवेश संयुक्त कार्यबल, जहाजरानी, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स सहित बुनियादी ढांचा, उन्नत विनिर्माण तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहे।