

दोहा : वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) की वार्षिक बैठक से इतर सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड, नेपाल और जॉर्डन के मंत्रियों से द्विपक्षीय वार्ता की। सीतारमण ने सऊदी वित्त मंत्री मोहम्मद अल-जदान से मुलाकात में भारत-सऊदी द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर बातचीत पूरी होने का स्वागत किया। अल-जदान ने संधि को जल्द लागू करने की उम्मीद जताई। दोनों ने निवेश और रणनीतिक साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की। सऊदी मंत्री ने भारत से निवेश आकर्षित करने में रुचि जताई। स्विट्जरलैंड के एआईआईबी गवर्नर पिएत्रो लाजेरी से मुलाकात में सीतारमण ने राष्ट्रीय निवेश एवं अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) के जरिये भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश का न्योता दिया। लाजेरी ने भारत में निवेश की संभावनाओं और वित्तीय क्षेत्र में सहयोग में रुचि जताई। नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले से बातचीत में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण और राहत प्रयासों पर चर्चा हुई। दोनों ने यूपीआई-एनपीआई भुगतान संपर्क को जल्द शुरू करने पर भी बात की। जॉर्डन की योजना एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री जीना जेद तौकान से सीतारमण ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत जॉर्डन का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार पांच अरब डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य पर भी चर्चा की।