गायक यासेर देसाई ने बांद्रा-वर्ली ‘सी-लिंक' पर किया खतरनाक स्टंट

दर्ज हुई प्राथमिकी
गायक यासेर देसाई ने बांद्रा-वर्ली ‘सी-लिंक' पर किया खतरनाक स्टंट
Published on

मुंबई : मुंबई पुलिस ने बांद्रा-वर्ली सी-लिंक के किनारे पर चढ़कर कथित रूप से खतरनाक स्टंट करने के आरोप में बॉलीवुड गायक और गीतकार यासेर देसाई के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि सोशल मीडिया मंचों पर व्यापक रूप से साझा किए जा रहे एक वीडियो में गायक यासेर ‘सी-लिंक’ ब्रिज के किनारे खड़े नज़र आ रहे हैं। इस घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने गायक को पुल के किनारे पर चढ़ते देखा जबकि उनके दो साथी इसकी शूटिंग कर रहे थे। स्टंट करने के बाद, समूह अपनी कार में बैठकर पुल से चला गया। प्रत्यक्षदर्शी ने भी घटना का वीडियो बनाया और उसे मुंबई पुलिस को भेज दिया। पुलिस ने नंबर प्लेट की मदद से कार का पता लगाने की कोशिश की। जांच के दौरान यह पता चला कि सीलिंक के किनारे पर खड़े व्यक्ति गायक यासेर देसाई हैं। उन्होंने बताया कि बांद्रा पुलिस ने मंगलवार को यासेर देसाई और उसके दो साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 285 (सार्वजनिक मार्ग में बाधा या खतरा पैदा करना), 281 (तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना), 125 (दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालना) और 3(5) (साझा मंशा) तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गायक और उसके दोनों सहयोगियों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in