नवान्न में सचिव स्तर पर अहम फेरबदल

नवान्न में सचिव स्तर पर अहम फेरबदल

4 वरिष्ठ IAS अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार
Published on

प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य प्रशासन के कामकाज में और अधिक गति लाने तथा जनसेवा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने सचिव स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल किया है। शुक्रवार को नवान्न की ओर से जारी कई अधिसूचनाओं के माध्यम से चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया गया। इस प्रशासनिक पुनर्गठन से वन, सिंचाई, शिक्षा और जल संसाधन विकास जैसे अहम विभागों में नई व्यवस्था लागू हुई है।

इस फेरबदल का सबसे अहम पहलू वरिष्ठ आईएएस अधिकारी मनीष जैन के विभाग परिवर्तन से जुड़ा है। 1994 बैच के मनीष जैन अब तक सिंचाई एवं जलमार्ग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ-साथ जल संसाधन अन्वेषण एवं विकास विभाग का कार्य देख रहे थे। नए आदेश के तहत उन्हें वन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर 1991 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. कृष्ण गुप्ता को सिंचाई एवं जलमार्ग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो फिलहाल सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं। शिक्षा विभाग में भी जिम्मेदारियों का विस्तार किया गया है।

1996 बैच के आईएएस अधिकारी विनोद कुमार, जो वर्तमान में स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं, अब जनशिक्षा प्रसार एवं पुस्तकालय सेवा विभाग का अतिरिक्त दायित्व भी संभालेंगे। वहीं 2004 बैच के आईएएस अधिकारी संजय बंसल, जो पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव हैं, को जल संसाधन अन्वेषण एवं विकास विभाग के सचिव पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही उन्हें एडीएमआई परियोजना का प्रोजेक्ट डायरेक्टर भी नियुक्त किया गया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in