सिद्धरमैया-शिवकुमार की नाश्ता डिप्लोमेसीः विवाद खत्म, एकता का संदेश

गलतफहमी दूर, सरकार मज़बूत – सिद्धरमैया-शिवकुमार की जोड़ी फिर साथ
सिद्धरमैया-शिवकुमार की नाश्ता डिप्लोमेसीः विवाद खत्म, एकता का संदेश
Published on

बेंगलुरु: कर्नाटक में पिछले कुछ दिनों से चल रहे कथित नेतृत्व विवाद पर विराम लगता दिखाई दे रहा है। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के बीच शनिवार सुबह नाश्ते पर लंबी मुलाकात हुई। यह मुलाकात कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर हुई थी, ताकि दोनों नेताओं के बीच पैदा हुईं गलतफहमियों को दूर किया जा सके।

शिवकुमार ने 'X' पर लिखा

नाश्ते के बाद उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर कहा, 'आज सुबह कावेरी निवास पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सिद्धरमैया जी से नाश्ते पर मुलाकात की। कर्नाटक की प्राथमिकताओं, जनता की अपेक्षाओं और आगे की राह पर एक सार्थक चर्चा हुई। जनता ने हमें जो विश्वास और समर्थन दिया है, उस पर खरा उतरना हमारा दायित्व है।'

हमारे बीच कोई मतभेद नहीं : सिद्धरमैया

'मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भी मीडिया से बातचीत में साफ किया कि उनके और शिवकुमार के बीच कोई मतभेद नहीं हैं।' उन्होंने कहा, 'हाल में कुछ गलतफहमियां बेवजह पैदा हो गई थीं। हमारे बीच न पहले कोई मतभेद थे, न आज हैं और न भविष्य में होंगे। मीडिया ने कुछ भ्रम पैदा किया था, लेकिन हमने कांग्रेस आलाकमान के हर आदेश और निर्देश का पालन करने का निर्णय लिया है।'सिद्धरमैया ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें और शिवकुमार को जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे दोनों मिलकर निभाएंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे अफवाहों पर ध्यान न दें।

जनता की भारी बहुमत का सम्मान

वहीं उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने भी जनता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा, 'जनता ने हमें भारी बहुमत देकर सत्ता में पहुंचाया है। उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना हमारा पहला कर्तव्य है। राज्य के विकास और कल्याणकारी योजनाओं को तेजी से लागू करना ही हमारी प्राथमिकता है।'

राज्य में पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा जोरों पर थी कि शिवकुमार मुख्यमंत्री पद के लिए दावा ठोंक रहे हैं और दोनों नेताओं के बीच तनातनी बढ़ गई है। कई कांग्रेस विधायकों के बयानों और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट्स ने इस विवाद को हवा दी थी। लेकिन आज की मुलाकात और दोनों नेताओं के बयानों से पार्टी में एकता का संदेश देने की कोशिश की गई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in