CM पद जाने के बाद भावुक हुए शिवराज सिंह चौहान, कही ये बात

CM पद जाने के बाद भावुक हुए शिवराज सिंह चौहान, कही ये बात
Published on: 

भोपाल: मध्य प्रदेश में BJP की कमान मोहन यादव के हाथों में है। शिवराज सिंह चौहान अब पूर्व मुख्यमंत्री बन गए हैं। फैसले के बाद मंगलवार(12 दिसंबर) को शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात की। इस दौरान वह भावुक नजर आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आज मैं जब यहां से विदाई ले रहा हूं तो मन में संतोष और ख़ुशी है। उन्होंने कहा कि हम पिछले कई साल से प्रदेश की जनता की सेवा कर रहे हैं और जनता ने हमें एक बार फिर से मौका दिया है।

 सामान्य विधायक के तौर पर करूंगा सेवा- शिवराज 

वहीं एक सवाल के जवाब में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभी तक वह सीएम के तौर पर सेवा कर रहे थे। अब एक सामान्य विधायक के तौर पर सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने लाडली बहन योजना शुरू की, जिसने इन चुनावों में बेहद अहम भूमिका निभाई। अब मैं उसे लखपति बहन योजना के तौर पर अपने स्तर पर आगे बढ़ाऊंगा। अपनी बहनों से जाकर मिलूंगा, उन्हें संगठित करूंगा। उनके स्वयं सहायता समूह बनवाऊंगा। कई तरह के कामों को आगे बढ़ाऊंगा।

मुझे MP में ही रहना है पसंद- शिवराज

वहीं दिल्ली जाने के सवाल पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं मध्य प्रदेश में हूं और मैं यहीं रहूंगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली जाना मुझे पसंद नहीं है। वहीं आलाकमान से कुछ मांगने को लेकर उन्होंने कहा कि मुझे दिल्ली जाकर कुछ मांगना पसंद नहीं है। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अपने लिए मांगने से बेहतर मैं मरना पसंद करूंगा। मैं बड़ी विनम्रता से यह साफ़ कर देना चाहता हूं कि मैं दिल्ली नहीं जाऊंगा।

मैं जनता की सेवा हमेशा करता रहूंगा- शिवराज सिंह 

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अभी तक मैंने प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में जनता की सेवा की अब मैं एक विधायक बनकर सेवा करूंगा। शिवराज सिंह ने कहा कि बीजेपी ने अभी तक जितनी भी जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई थीं, वह सभी जारी रहेंगी। इसके साथ ही हमने अपने वचन पत्र में जो भी वादे किए, उन्हें भी पूरा किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने मनोनीत सीएम मोहन यादव को बधाई देते हुए कहा कि मैं उनकी सहायता के लिए हमेशा ही तैयार रहूंगा।

पूर्व सीएम से मिलने पहुंचे लाडली बहनें रो पड़ीं

इससे पहले शिवराज सिंह चौहान से मिलने पहुंची लाडली बहनें आज फूट-फूटकर रो पड़ीं। शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें सांत्वना देने की कोशिश की लेकिन लाडली बहनों का कहना था कि हमने तो आपको चुना है, लाडली बहनों ने मध्य प्रदेश में आपको चुना है, आप क्यों हमें छोड़कर जा रहे हैं। शिवराज सिंह ने कहा कि मैं कहीं नहीं जा रहा हूं, मैं आपलोगों के बीच ही रहूंगा। हालांकि इस दौरान शिवराज सिंह चौहान काफी भावुक नजर आए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in