होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही ठप

लगातार 10 रातों से अमेरिका का ईरान पर हमला
Shipping through the Strait of Hormuz has been halted
होर्मुज जलडमरूमध्य में रूकी पड़ी कार्गों जहाज
Published on

दुबई : ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में मंगलवार सुबह एक टैंकर पर हमला किया, जिसके बाद चालक दल ने जहाज को छोड़ दिया। ब्रिटिश सेना की ‘यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस’ केंद्र ने कहा कि मंगलवार सुबह ओमान जलडमरूमध्य में एक टैंकर को निशाना बनाया गया था, जिसके बाद चालक दल के सदस्य पोत छोड़कर चले गए थे। वहीं, इस अहम जलमार्ग पर नियंत्रण को लेकर जारी संघर्ष के बीच अमेरिका ने ईरान को निशाना बनाते हुए एक और हवाई हमला किया। लगातार 10 रातों से जारी अमेरिका के हवाई हमलों के बावजूद ईरान ने जलडमरूमध्य पर अपनी पकड़ ढीली नहीं की है। अमेरिका ने मंगलवार सुबह ईरान के 9 शहरों में अबदानान, बंदर अब्बास, बंदर लेंगेह, बुशेहर, चाबहार, केश्म द्वीप, सीरिक, शीराज और कोनारक को निशाना बनाया। जॉर्डन ने ईरान की ओर से दागे गए पांच ड्रोन मार गिराए हैं। सेना ने जानकारी देते कहा कि ड्रोन को मार गिराए जाने की इस कार्रवाई में कोई हताहत नहीं हुआ और न ही कोई नुकसान हुआ। शांतिकाल के दौरान वैश्विक स्तर पर कारोबार होने वाले कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी संकरे जलमार्ग से होकर गुजरता था। वहीं, होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की आवाजाही भी लगभग रुक गई है। समुद्री डेटा और खुफिया सूचनाएं प्रदान करने वाली लंदन स्थित ‘लॉयड्स लिस्ट इंटेलिजेंस’ ने बताया कि रविवार को सिर्फ तीन जहाज ही इस जलडमरूमध्य से गुजरे। लड़ाई तेज होने के साथ दोनों पक्षों ने ऐसे नागरिक बुनियादी ढांचे को भी निशाना बनाया है, जिस पर लाखों लोगों का जीवन निर्भर है।

अमेजन के केंद्रीय डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट करने का दावा

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने बहरीन में अमेरिका से जुड़े एक व्यावसायिक ठिकाने पर हमला किया है। आईआरजीसी ने बयान जारी कर कहा कि उसकी एयरोस्पेस फोर्स ने क्रूज मिसाइलों से हमला कर अमेजन के केंद्रीय डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट कर दिया। आईआरजीसी ने कहा कि यह हमला डारखोविन में नागरिक ढांचे पर हाल में हुए अमेरिकी हमलों के जवाब में किया गया।

तेल की कीमत में आया उछाल

हाल के हफ्तों में तनाव बढ़ने से तेल की कीमतें बढ़ गई हैं। मंगलवार को ‘बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड’ की कीमत 88 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर रही और अमेरिका में नियमित गैसोलीन की कीमत औसतन चार डॉलर प्रति गैलन तक पहुंच गई, जिससे इस बार के मध्यावधि चुनाव से पहले अमेरिकी उपभोक्ताओं की जेब पर दबाव बढ़ गया है।

करीब 100 अमेरिकी सैनिक हुए घायल

अमेरिकी सेना के मुख्यालय पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि सात जुलाई को अमेरिका द्वारा हमले शुरू किए जाने के बाद से करीब 100 सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें अधिकतर उपचार के बाद अब ड्यूटी पर लौट आए हैं। वहीं अमेरिकी सेंट्रल कमान ने मंगलवार को कहा कि उसने ईरान के सैन्य कमान केंद्रों , समुद्री क्षमता, मिसाइल और ड्रोन प्रक्षेपण स्थल और वायु रक्षा प्रणाली को निशाना बनाया। उसने ईरान में इन स्थलों को निशाना बनाकर की गई बमबारी के और फुटेज जारी किए।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in