डिजिटल गोल्ड से ज्वेलरी खरीदने की सुविधा, सेन्को-गुल्लक में करार

डिजिटल गोल्ड से ज्वेलरी खरीदने की सुविधा, सेन्को-गुल्लक में करार
Published on

कोलकाता : देश की प्रमुख ज्वेलरी रिटेल कंपनी सेन्को गोल्ड एंड डायमंड्स ने डिजिटल गोल्ड सेविंग्स एवं इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म गुल्लक के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत गुल्लक के ग्राहक अपने डिजिटल गोल्ड की बचत का इस्तेमाल सेन्को गोल्ड एंड डायमंड्स के देशभर में मौजूद रिटेल स्टोरों से आभूषण खरीदने के लिए कर सकेंगे। सेन्को का देशभर में 189 से अधिक शोरूम का नेटवर्क है।

आभूषण केवल खरीदारी का माध्यम नहीं : सेन

सेन्को गोल्ड एंड डायमंड्स के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं सीईओ सुवंकर सेन ने कहा कि भारतीय उपभोक्ताओं के लिए आभूषण केवल खरीदारी का माध्यम नहीं, बल्कि उनकी आकांक्षाओं, उपलब्धियों और जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों से जुड़ा है। उपभोक्ताओं के व्यवहार में हो रहे बदलावों के साथ ज्वेलरी खरीद को अधिक आसान, सुविधाजनक और डिजिटल बनाने की जरूरत बढ़ी है। उन्होंने कहा कि गुल्लक के डिजिटल गोल्ड सेविंग्स इकोसिस्टम और सेन्को की भरोसेमंद रिटेल मौजूदगी का संयोजन बचत और आभूषण खरीद के बीच एक आसान पुल तैयार करेगा।

कंपनी ग्राहकों की नई पीढ़ी तैयार कर रही है : दिलीप

वहीं, गुल्लक के सह-संस्थापक दिलीप जैन ने कहा कि कंपनी डिजिटल माध्यम से नियमित रूप से सोने की बचत करने वाले ग्राहकों की नई पीढ़ी तैयार कर रही है, जो अपनी बचत को जरूरत और पसंद के अनुसार आभूषण में बदलना चाहती है। उन्होंने कहा कि आठ दशक से अधिक पुरानी और भरोसेमंद ज्वेलरी कंपनी से साझेदारी गुल्लक के लिए महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से ग्राहक देशभर में सेन्को के 189 से अधिक स्टोरों पर अपने डिजिटल गोल्ड का उपयोग कर सकेंगे।

डिजिटल गोल्ड में निवेश की सुविधा

गुल्लक 24 कैरेट और 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले डिजिटल गोल्ड में निवेश की सुविधा देता है। प्लेटफॉर्म पर ग्राहक दैनिक, साप्ताहिक या मासिक एसआईपी के अलावा एकमुश्त निवेश और ऑटोमेटेड सेविंग प्लान के जरिए भी सोने में बचत कर सकते हैं। सेन्को पहले से ही आठ दशक से अधिक की विरासत और मजबूत रिटेल नेटवर्क के साथ ग्राहकों को ज्वेलरी खरीद के विभिन्न विकल्प उपलब्ध करा रहा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in