स्वयंभू पादरी बजिंदर सिंह को बलात्कार मामले में उम्रकैद

2018 का था बलात्कार मामला
स्वयंभू पादरी बजिंदर सिंह को बलात्कार मामले में उम्रकैद
Published on

चंडीगढ़ : पंजाब के मोहाली की एक अदालत ने मंगलवार को स्वयंभू पादरी बजिंदर सिंह को 2018 के बलात्कार के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई और कहा कि बजिंदर सिंह ने पादरी के तौर पर अपने पद का दुरुपयोग कर जघन्य अपराध किया।

अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीएसजे) विक्रांत कुमार की कोर्ट ने 28 मार्च को बजिंदर सिंह के दोषी पाए जाने के बाद यह फैसला सुनाया। बजिंदर को अक्सर ‘यीशु-यीशु पैगंबर’ कहकर भी संबोधित किया जाता था।

बजिंदर को भारतीय दंड संहिता की धाराओं 376 (रेप), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने की सजा) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत दोषी ठहराया गया, जबकि मामले में पांच अन्य अभियुक्तों अखबार भट्टी, राजेश चौधरी, जतिंदर कुमार, सितार अली और संदीप पहलवान को बरी कर दिया गया। भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (2) (न) के अनुसार, दोषी को आजीवन कठोर कारावास की सजा भुगतनी होगी, जिसका अर्थ है कि उसे अपने शेष जीवन कारावास में व्यतीत करना होगा। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि पादरी को भारतीय दंड संहिता की धारा 323 और 506 के तहत 1-1 साल के कारावास की सजा सुनाई गयी है, और सभी सजायें एक साथ चलेंगी। यह मामला 2018 में जीरकपुर थाने में एक महिला द्वारा दी गयी शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। पीड़िता के वकील अनिल कुमार सागर ने कहा, ‘वह (बजिंदर) आजीवन सलाखों के पीछे रहेगा।’ पीड़िता ने अदालत के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि उसे सात साल बाद न्याय मिला है। उसने यह भी दावा किया कि समझौता करने के लिए उसे पैसे की पेशकश की गयी थी। सागर ने बताया कि बजिंदर ने अदालत से दया की गुहार लगाई और कहा कि उसके तीन छोटे बच्चे हैं और उसकी पत्नी बीमार है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य है और इसलिए मामले में नरम रुख अपनाया जाना चाहिए।

निवेदन और दलीलों पर विचार करने के बाद अदालत ने कहा कि उसका मानना है कि दोषी अभियोजन पक्ष पर प्रभाव जमा रहा था और पादरी के रूप में अपने पद का दुरुपयोग करके उसने जघन्य अपराध किया है। अपनी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि बजिदंर सिंह ने उसे विदेश ले जाने का प्रलोभन दिया था। इसके बाद उसने मोहाली के सेक्टर 63 में अपने आवास पर उससे बलात्कार किया और इस कृत्य का वीडियो भी बनाया। उसने पीड़िता को धमकी दी थी कि अगर वह उसकी मांगें नहीं मानती है तो वह इस वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित कर देगा। बजिंदर सिंह को 2018 में लंदन जाने की कोशिश करते समय दिल्ली हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे इस मामले में जमानत मिल गयी। तीन मार्च को मोहाली की अदालत ने 2018 के बलात्कार मामले के सिलसिले में बजिंदर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। न्यायालय ने कहा कि अपराध की गंभीरता के अनुरूप उचित सजा का निर्धारण और उसे दंड देना उनका न्यायिक दायित्व है। अदालत ने कहा, ‘यौन हिंसा एक अमानवीय कृत्य होने के अलावा, एक महिला की निजता और पवित्रता के अधिकार पर एक गैरकानूनी अतिक्रमण है। यह उसके सर्वोच्च सम्मान पर एक गंभीर आघात है और उसके आत्मसम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाता है।’ अदालती आदेश में कहा गया है, ‘बलात्कारी न केवल शारीरिक चोट पहुंचाता है, बल्कि लड़की की सबसे अनमोल संपत्ति, यानी उसकी गरिमा, सम्मान, प्रतिष्ठा और उसकी पवित्रता पर अमिट दाग छोड़ जाता है। इन परिस्थितियों में बलात्कार के प्रत्येक अपराधी को शीघ्रता से, अलग-अलग और सख्त सजा दी जानी चाहिए।’ इसमे कहा गया है कि अपराध की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, जिस अपराध के लिए उसे दोषी ठहराया गया है उसमें वह नरमी का हकदार नहीं है।

बजिंदर का विवादों से नाता कोई नया नहीं है। 22 वर्षीया महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर 28 फरवरी को उस पर यौन उत्पीड़न के एक अन्य मामले में मामला दर्ज किया गया था। बाद में कपूरथला पुलिस ने स्वयंभू उपदेशक के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। मोहाली पुलिस ने 25 मार्च को एक महिला द्वारा दर्ज कराई गयी शिकायत के आधार पर बजिंदर सिंह पर मारपीट और अन्य आरोपों के संबंध में मामला दर्ज किया। कुछ दिनों पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ था जिसमें बजिंदर सिंह महिला से बहस करते और उसे थप्पड़ मारते हुए दिख रहा था। वीडियो कथित तौर पर 14 फरवरी को एक कमरे के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज लग रही है। स्वयंभू धर्मगुरु जालंधर के ताजपुर में ‘चर्च ऑफ ग्लोरी एंड विजडम’ नामक गिरिजाघर का संचालन करता है, जिसकी एक शाखा मोहाली के माजरी में भी है।

हरियाणा के जाट बजिंदर सिंह ने एक दशक से भी पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। उसके समर्थकों का दावा है कि उनके गिरजाघर की भारत और विदेशों में कई शाखाएं हैं। स्वयंभू धर्मगुरु धार्मिक समागम आयोजित करता था, जहां बड़ी संख्या में लोग अपनी बीमारियों के इलाज की उम्मीद में आते थे। इन समागमों का सीधा प्रसारण यूट्यूब चैनल ‘पैगंबर बजिंदर सिंह’ पर किया जाता था, जिसके 37.4 लाख सब्सक्राइबर हैं।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in