कुलगाम मुठभेड़ : लश्कर ‘कमांडर’ लतीफ भट मारा गया

11 नवंबर को CRPF चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था लतीफ
lashkar_commander_lateef_bhat_neutralized
सुरक्षाकर्मियों ने मुठभेड़ लतीफ भट मार गिराय
Published on: 

श्रीनगर : सुरक्षाबलों ने बुधवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के प्रमुख आतंकी लतीफ भट को मार गिराया। भट गत 11 नवंबर को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक चौकी पर हुए हमले के सिलसिले में वांछित था।

जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में छिपा था लतीफ

कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) इनायत अली चौधरी ने बताया कि भट ने दक्षिण कश्मीर के देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव में एक मस्जिद में शरण ले रखी थी। विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह (SOG) के एक दल ने बुधवार तड़के जांगलपोरा में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। यह इलाका सोमवार को हुई मुठभेड़ के स्थल से करीब नौ किलोमीटर दूर है। कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) इनायत अली चौधरी ने संवाददाताओं को बताया कि सुरक्षाबलों ने उस मस्जिद की घेराबंदी कड़ी कर दी थी, जिसमें भट छिपा हुआ था।

security_personnels_flash_victory_signs
सुरक्षाकर्मियों ने लतीफ भट को मार गिराने के बाद खुशी का इजहार करते हुए

अधिकारियों की अपील के बावजूद सरेंडर नहीं किया

चौधरी ने बताया कि भट ने सेना और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कई बार की गयी अपील के बावजूद आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। इसके बाद हुई मुठभेड़ वह मारा गया। मुठभेड़ स्थल से उसका शव तथा एक हथियार बरामद किया गया है। चौधरी के अनुसार भट और उसका सहयोगी उमर निसार डार 11 नवंबर को कुलगाम में CRPF के जवानों पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में अर्द्धसैनिक बल के तीन जवान घायल हो गये थे। सोमवार को जिले के लारू बाईपास इलाके में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में डार मारा गया था लेकिन भट सुरक्षाबलों को चकमा देकर भाग गया था।

देश बहादुर जवानों को सलाम करता है : शाह

इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षाबलों की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान में विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच ‘अत्यंत उच्च स्तर का तालमेल’ देखने को मिला। शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News