

ढाका : बांग्लादेश में दुर्गा पूजा के दौरान सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए देशभर में करीब 33,000 पूजा स्थलों पर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके तहत चौबीसों घंटे निगरानी, विशेष पुलिस इकाइयों की तैनाती और प्रतिमा विसर्जन के दौरान ड्रोन तथा हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाएगा। धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर उठी चिंताओं के बीच पुलिस ने त्योहार से पहले, उसके दौरान और बाद के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा योजना लागू की है। पुलिस महानिरीक्षक अली हुसैन फकीर ने पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक में बताया कि सुरक्षा अभियान शुरू कर दिया गया है। योजना के तहत वर्दीधारी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात होंगे। विशेष हथियार एवं रणनीति (स्वाट) दल, त्वरित प्रतिक्रिया दल, अपराध प्रतिक्रिया दल और बम निरोधक इकाइयां भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा होंगी। वर्ष 2022 की जनगणना के अनुसार, बांग्लादेश की करीब 17 करोड़ आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी लगभग आठ प्रतिशत यानी करीब एक करोड़ 30 लाख है।