वैज्ञानिकों ने खोजा हरे रंग की आभा वाला सफेद बौना तारा

डब्ल्यूडी जे1330+6435 नाम का यह तारा पृथ्वी से करीब 280 प्रकाश वर्ष दूर ड्रेको तारामंडल में स्थित है
Scientists have discovered a white dwarf star with a green-hued glow
हरे रंग की आभा वाला सफेद बौना तारा
Published on: 

लंदन : खगोलविदों ने एक ऐसे सफेद बौने तारे की पहचान की है, जो मानव आंखों को पीलेपन लिए हरे रंग (चार्ट्रूज) का दिखाई दे सकता है। डब्ल्यूडी जे1330+6435 नाम का यह तारा पृथ्वी से करीब 280 प्रकाश वर्ष दूर ड्रेको तारामंडल में स्थित है। आरएएस टेक्नीक्स एंड इंस्ट्रूमेंट्स पत्रिका में प्रकाशित शोध के अनुसार, वारविक विश्वविद्यालय के खगोलभौतिकीविद् मार्क हॉलैंड्स के नेतृत्व में वैज्ञानिकों ने 151 सफेद बौने तारों के प्रकाश स्पेक्ट्रम और वायुमंडलीय संरचना का अध्ययन किया। इसका उद्देश्य यह समझना था कि इन तारों का प्रकाश मानव आंखों को किस रंग का दिखाई दे सकता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस तारे के वायुमंडल में सोडियम, कैल्शियम और लिथियम जैसे तत्व मौजूद हैं। माना जाता है कि ये तत्व चट्टानी ग्रहों के अवशेषों से आए हैं, जिन्हें तारे ने अपने ग्रह मंडल के बिखरने के दौरान निगल लिया था। इनमें सोडियम की भूमिका तारे की विशिष्ट हरी आभा पैदा करने में अहम है। अध्ययन में एक अन्य सफेद बौना तारा गुलाबी आभा वाला पाया गया। हालांकि, वैज्ञानिकों ने स्पष्ट किया कि हरे रंग का निष्कर्ष स्पेक्ट्रम और मानव रंग-दृष्टि के मॉडलों पर आधारित है, न कि नग्न आंखों से प्रत्यक्ष अवलोकन पर।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News