अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में ‘सागर कवच–एसकेवी 01/26’ तटीय सुरक्षा अभ्यास 14 मई से

अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में ‘सागर कवच–एसकेवी 01/26’ तटीय सुरक्षा अभ्यास 14 मई से
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में ‘सागर कवच–एसकेवी 01/26’ नामक तटीय सुरक्षा अभ्यास 14 मई को प्रातः 6 बजे से 15 मई को सायं 6 बजे तक आयोजित किया जाएगा। इस अभ्यास का उद्देश्य समुद्री मार्ग से रेड फोर्स तत्वों की घुसपैठ तथा भूमि आधारित महत्वपूर्ण स्थलों एवं संवेदनशील बिंदुओं पर संभावित हमलों की काल्पनिक स्थिति तैयार कर तटीय सुरक्षा तंत्र की प्रभावशीलता का परीक्षण करना है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अभ्यास के दौरान किसी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें तथा सुरक्षा बलों एवं सहभागी एजेंसियों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें, ताकि तटीय सुरक्षा को मजबूत बनाने के इस महत्वपूर्ण अभ्यास को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सके। उल्लेखनीय है कि ‘सागर कवच’ अभ्यास वर्ष में दो बार आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य समुद्री सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी तंत्र, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता तथा विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को परखना और मजबूत करना होता है। इससे पूर्व नवंबर 2025 में आयोजित ‘सागर कवच–02/25’ अभ्यास में भारतीय तटरक्षक बल, भारतीय नौसेना, पुलिस, मत्स्य विभाग, वन विभाग तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया था। उस दौरान समुद्री घुसपैठ, संदिग्ध नौकाओं की पहचान तथा संवेदनशील तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न परिदृश्यों का सफल परीक्षण किया गया था।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in