

सर्जना शर्मा
रतन टाटा को मिले भारत रत्न
गुजरात से भाजपा सांसद गोविंद भाई लालजी भाई ढोलकिया ने बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन शून्यकाल में मांग की कि स्वर्गीय उद्योगपति रतन टाटा को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। ढोलकिया ने रतन टाटा की खूबियां, उपलब्धियां और देश के लिए उनके योगदान को सदन में गिनवाया। उन्होंने कहा कि भारत का दुनिया में मान-सम्मान बढ़ाने वालों को भारत रत्न दिया जाना चाहिए।
क्या है ‘उम्मीद’ का हाल, वक्फ संपत्तियों का संसद में उठे सवाल
आपको याद होगा कि पिछले साल वक्फ कानून में संशोधन किया गया था। विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति का गठन किया गया था। विधेयक पारित होने के बाद इसका नाम बदलकर यूनिफाइड वक्फ मैनेजमेंट एफिशिएंसी एंड डेवलपमेंट एक्ट कर दिया गया था, जिसका छोटा नाम उम्मीद है।
वक्फ संपत्तियों के बारे में पूरी जानकारी के लिए एक पोर्टल 6 जून 2025 को लॉन्च किया गया था और 6 दिसंबर 2025 तक सभी वक्फ संपत्तियों की जानकारी अपलोड की जानी थी।
सोमवार को प्रश्नकाल में भाजपा के अनेक सांसदों संगीता यादव, दर्शना सिंह, सतपाल शर्मा और भीम सिंह ने प्रश्न पूछे। उन्होंने अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जार्ज कुरियन से पूछा कि जितनी संपत्तियां पोर्टल पर दर्ज की गई हैं, क्या उन पर कुछ शिकायतें आई हैं।
सतपाल शर्मा ने जम्मू-कश्मीर की वक्फ संपत्तियों के बारे में सवाल किया कि दान की गई संपत्तियों की तारीख ही पोर्टल पर नहीं है। डॉ. भीम सिंह ने पूछा कि बिहार में कितनी वक्फ संपत्तियों का सर्वेक्षण किया गया, कितने रजिस्ट्रेशन किए गए और कितनों पर अवैध कब्जे हैं।
राज्यमंत्री जार्ज कुरियन ने सदन को बताया कि सभी जानकारी उम्मीद पोर्टल पर उपलब्ध है।
राज्यसभा में बहुत से सांसद पहले दिन रहे नदारद
होली की छुट्टियों का मूड सोमवार को सदन में देखने को मिला। सभापति ने शून्यकाल और प्रश्नकाल में बहुत से सांसदों का नाम पुकारा ताकि वे अपना विषय रख सकें, लेकिन विपक्षी दलों के ज्यादातर सांसद सदन में थे ही नहीं, जबकि भाजपा के सभी सांसद सदन में मौजूद थे।
महिलाओं के लिए बनाया जाए विशेष प्रशासन मॉडल
भाजपा सांसद संगीता यादव ने शून्यकाल में सदन में कहा कि ग्रामीण इलाकों के लिए एक ऐसा प्रशासनिक मॉडल बनाया जाए जिससे महिलाएं सरल भाषा में सरकारी नीतियों को समझ सकें। महिला अधिकारियों के साथ समाजसेवी संगठनों की महिलाएं मिलकर काम कर सकें। समाजसेवी महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। इससे ग्रामीण महिलाओं को प्रशासन पर विश्वास होगा और उनकी भागीदारी बढ़ेगी।
मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम संभाग में 65 फीसदी किशोरियां एनीमिया की शिकार
मध्यप्रदेश से भाजपा सांसद माया नरोडिया ने इस बात पर चिंता जताई कि पूरे देश में किशोरियों के एनीमिया का आंकड़ा देखें तो इनमें से 65 फीसदी केवल नर्मदापुरम संभाग में हैं।
उन्होंने कहा कि इस इलाके की किशोरियां इसलिए एनीमिया की शिकार हैं क्योंकि फोलिक एसिड की आपूर्ति यहां बाधित है। इसे तत्काल प्रभाव से बहाल किया जाए और निगरानी तंत्र को मजबूत किया जाए ताकि किशोरियों का स्वास्थ्य ठीक रहे और उन्हें उचित पोषण मिलता रहे।
यूपी के जेवर एयरपोर्ट से दो महीने के भीतर हवाई जहाज भरेंगे उड़ान
दिल्ली-एनसीआर में बन रहे जेवर एयरपोर्ट से 45 से 60 दिन के भीतर हवाई जहाजों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। यह जानकारी प्रश्नकाल में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजारापु राम मोहन नायडु ने सदन को दी।
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर ने प्रश्नकाल में पूछा था कि कब तक विमानों की आवाजाही शुरू होगी। मंत्री ने कहा कि डीजीसीए ने एयरोड्रम लाइसेंस दे दिया है। सभी एयरलाइंस से बात की जा रही है और शेड्यूल बनाया जा रहा है। जब पहला विमान जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरेगा तो एक बड़ा समारोह आयोजित किया जाएगा