भारत गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा : राहुल

राहुल ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में कहा : देश में भारी बेरोजगारी, विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली गहरी समस्याओं से जूझ रहे
rahul_participating_indislogue_in columbia_university
राहुल गांधी ने मंगलवार को कोलंबिया विश्वविद्यालय में किया छात्रों और शिक्षकों के साथ अनौपचारिक संवाद
Published on: 

न्यूयॉर्क : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारत गंभीर आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा है। देश भारी बेरोजगारी, कमजोर हो चुके विनिर्माण क्षेत्र और शिक्षा प्रणाली में मौजूद गहरी समस्याओं से जूझ रहा है। यदि भारत मौजूदा आर्थिक नीतियों पर आगे बढ़ता रहा, तो उसे गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

कोलंबिया विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद

राहुल गांधी ने मंगलवार को यहां कोलंबिया विश्वविद्यालय में सैकड़ों छात्रों और शिक्षकों के साथ एक अनौपचारिक संवाद कार्यक्रम के दौरान कहा कि भारत के आर्थिक मॉडल ने करीब एक दशक पहले ही अपेक्षित परिणाम देना बंद कर दिया था। उन्होंने सरकार की ‘मेक इन इंडिया’ और ‘स्टार्टअप इंडिया’ जैसी पहलों की आलोचना करते हुए दावा किया कि ये योजनाएं देश की कमजोर हो चुकी आर्थिक बुनियाद को फिर से मजबूत करने में नाकाम रही हैं।

छोटे, मझोले व्यवसाय और कृषि की हालत खस्ता

कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की असली रीढ़ छोटे और मझोले व्यवसाय और कृषि हैं। छोटे और मझोले व्यवसाय रोजगार पैदा करने का प्रमुख माध्यम हैं। भारत के लिए ये दोनों क्षेत्र बुनियादी जरूरत हैं लेकिन अर्थव्यवस्था की रीढ़ कमजोर हो चुकी है। केवल सेवा क्षेत्र के भरोसे देश की विशाल आबादी को पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जा सकता। उन्होंने कहा कि केवल सेवा क्षेत्र के माध्यम से तीन से पांच प्रतिशत लोगों को अवसर मिल सकते हैं। हमने तो मानो यह तय कर लिया है कि हमें विनिर्माण की जरूरत ही नहीं है।

निजी निवेश की कमी पर भी सवाल उठाये

राहुल ने देश में निजी निवेश की कमी पर भी सवाल उठाये। उन्होंने दावा किया कि गौतम अदाणी और मुकेश अंबानी जैसे कुछ बड़े उद्योगपतियों के कारोबारी समूह ही लगातार विस्तार कर रहे हैं, जबकि छोटे व्यवसायों को संघर्ष करना पड़ रहा है। राहुल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों की मेहनत से जिस आर्थिक ढांचे को खड़ा किया था, उसे कमजोर कर दिया गया है। मजबूत विनिर्माण के बिना भारत का सफल आर्थिक विकास संभव नहीं है।

छात्र प्रदर्शन आर्थिक सत्ता के केंद्रीकरण के खिलाफ

इस साल गर्मियों में दिल्ली सहित देश के विभिन्न हिस्सों में हुए छात्र प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ये विरोध प्रदर्शन अचानक नहीं हुए, बल्कि पिछले करीब एक दशक से राजनीतिक और आर्थिक सत्ता के बढ़ते केंद्रीकरण के खिलाफ जारी व्यापक विरोध का हिस्सा हैं। यह सिलसिला लगभग एक दशक से जारी है। उन्होंने आदिवासियों, दलितों और किसानों के आंदोलनों का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि धन और सत्ता के केंद्रीकरण से समाज के विभिन्न वर्ग प्रभावित हुए हैं। आदिवासियों से बिना सलाह-मशविरा किये उनकी जमीनें छीनी जा रही हैं। अल्पसंख्यकों, दलितों और किसानों पर हमले हो रहे हैं।

चुनावी अनियमितताओं का जिक्र

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनावी अनियमितताओं ने भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को फिर से मजबूत बनाने के लिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाना भी आवश्यक कदमों में शामिल है। बाहर से ऐसा लगता है कि राजनीतिक प्रक्रिया चल रही है, लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं होता। राहुल ने कहा कि उनका उद्देश्य चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता बहाल करना है। इसके बिना कोई सार्थक बदलाव संभव नहीं होगा।

अमेरिकी आव्रजन नीति आर्थिक चुनौतियों की तुलना में ‘छोटी’

अमेरिका की सख्त होती आव्रजन नीतियों का विदेश में पढ़ाई और नौकरी करने की इच्छा रखने वाले भारतीय छात्रों पर पड़ने वाले प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर गांधी ने कहा कि यह मुद्दा भारत की व्यापक बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों की तुलना में अपेक्षाकृत छोटा है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि भारत की 30 प्रतिशत आबादी विदेश जाकर रोजगार हासिल कर रही है। हमें इस मुद्दे के कारण वास्तविक समस्याओं से ध्यान नहीं भटकाना चाहिए।

महंगा होता ईंधन रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह

अमेरिका में हाल में हुए मध्यावधि चुनावों पर टिप्पणी करते हुए गांधी ने रिपब्लिकन पार्टी को लगे चुनावी झटके के लिए ईंधन की बढ़ती कीमतों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि यह अमेरिका की वैश्विक ताकत में तेजी से आ रही गिरावट को दर्शाता है। उनका तर्क था कि वाशिंगटन ईरान पर अपनी इच्छा के अनुरूप फैसले थोपने में असफल रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News