सौरमंडल से बाहर ग्रह से पहली बार मिले रेडियो सिग्नल

ये संकेत एलियन जीवन के नहीं, बल्कि ग्रह के बेहद शक्तिशाली चुंबकीय क्षेत्र के कारण पैदा हो रहे हैं
Radio signals detected for the first time from a planet outside the solar system
अंतरिक्ष का सांकेतिक चित्र
Published on: 

वाशिंगटन : खगोलविदों ने पहली बार सौरमंडल के बाहर स्थित किसी ग्रह से रेडियो उत्सर्जन का प्रत्यक्ष पता लगाया है। वैज्ञानिकों के मुताबिक, ये संकेत एलियन जीवन के नहीं, बल्कि ग्रह के बेहद शक्तिशाली चुंबकीय क्षेत्र के कारण पैदा हो रहे हैं। रेडियो संकेत बीटा पिक्टोरिस बी से मिले हैं। यह पृथ्वी से करीब 63 प्रकाश वर्ष दूर गैसीय ग्रह है और इसका द्रव्यमान बृहस्पति से करीब 12 गुना अधिक है। यह एक युवा तारे की परिक्रमा करता है, जो सूर्य से करीब 1.75 गुना भारी है। कैम्ब्रिज स्थित सेंटर फॉर एस्ट्रोफिजिक्स, हार्वर्ड एंड स्मिथसोनियन के वैज्ञानिकों के अनुसार, ग्रह के चुंबकीय क्षेत्र से जुड़ी प्रक्रियाओं के कारण रेडियो तरंगें पैदा हो रही हैं। यह घटना पृथ्वी के ऑरोरा (ध्रुवीय रोशनी) से मिलती-जुलती है, जो चुंबकीय गतिविधि के दौरान दिखाई देती है। हार्वर्ड के खगोलविद ईदो बर्जर ने कहा कि रेडियो संकेतों को अक्सर बाहरी जीवन की खोज से जोड़ा जाता है, लेकिन यह मामला अलग है। उनके मुताबिक, इन तरंगों के लिए ग्रह का चुंबकीय क्षेत्र बेहद शक्तिशाली होना चाहिए। इस शोध का प्रीप्रिंट 15 सितंबर को आर्काइव पर जारी किया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in