

विभागीय प्रतिनिधियों ने मौके पर कई समस्याओं का समाधान किया
सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : सिप्पीघाट औरकालीकट ग्राम पंचायत के निवासियों के लिए 7 मार्च को सिप्पीघाट के सामुदायिक भवन में एक जन शिकायत सुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन माननीय सांसद श्री बिष्णु पद रे, दक्षिण अंडमान की उपायुक्त पूर्वा गर्ग, आईएएस, दक्षिण अंडमान जिला परिषद के अध्यक्ष प्रकाश अधिकारी, एपीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता तथा कैलिकट और सिप्पीघाट के प्रधानों और पीआरआई सदस्यों की उपस्थिति में किया गया। इस शिविर के माध्यम से स्थानीय निवासियों को प्रशासन के समक्ष अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे रखने का अवसर प्रदान किया गया। शिविर के प्रारंभ होने से पहले उपायुक्त ने पीएम श्री स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य उपकेंद्र तथा सिप्पीघाट ग्राम पंचायत में चल रही जल आपूर्ति परियोजना का दौरा कर उनके कार्य और प्रगति की समीक्षा की। शिकायत शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं और शिकायतों को सुना गया और कई मामलों में मौके पर ही समाधान किया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करते हुए शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल करने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। इस शिविर में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और यह कार्यक्रम प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। इससे पहले सुबह 7 बजे से 8 बजे तक जिला स्वास्थ्य सोसायटी द्वारा उसी स्थान पर एक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य समुदाय के बीच स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देना था। इस कार्यक्रम में ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपायुक्त, प्रधान और विद्यार्थियों ने भी योग सत्र में भागीदारी की।