

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के पर्यटन निदेशालय ने पात्र सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), होमस्टे संचालकों एवं कर्मचारियों तथा व्यक्तियों से "सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के प्रदर्शन को सुदृढ़ एवं तीव्र गति प्रदान करने हेतु ‘रैम्प’ (RAMP) पर्यटन हस्तक्षेप कार्यक्रम, 2026-27" के तहत लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह योजना 5 अगस्त, 2026 को जारी अधिसूचना में अधिसूचित की गई है ।
इस योजना के तहत अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में गुणवत्तापूर्ण और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे कर्मचारियों के प्रशिक्षण, प्रमाणन एवं एक्सपोजर कार्यक्रम तथा एमएसएमई सहायता के माध्यम से एस्ट्रो-टूरिज्म उपकरणों की खरीद द्वारा अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में एस्ट्रो-टूरिज्म को बढ़ावा देने से संबंधित योजनाएं शामिल हैं। निर्धारित आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेजों की सूची और संपूर्ण दिशानिर्देश ई-गजट पोर्टल पर उपलब्ध हैं।
इस पहल के तहत चयनित लाभार्थी आवश्यक एस्ट्रो-टूरिज्म उपकरण और टेलीस्कोप खरीद सकते हैं तथा सब्सिडी की प्रतिपूर्ति के लिए अपने दावे प्रस्तुत कर सकते हैं। वहीं, होमस्टे संचालक और कर्मचारी विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रमुख होमस्टे प्रतिष्ठानों के एक्सपोजर विजिट में भाग ले सकते हैं। इस संबंध में लाभार्थियों की सुविधा के लिए पर्यटन विभाग एक पंजीकरण एवं सुविधा शिविर आयोजित करेगा। योजना के तहत सहायता प्राप्त करने के लिए इच्छुक लाभार्थियों से सुविधा शिविर में भाग लेने हेतु रुचि/इच्छा आमंत्रित की गई है। इच्छुक लाभार्थी निर्धारित प्रारूप में अपनी सहमति/इच्छा पर्यटन निदेशालय, अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के योजना अनुभाग में 20 अगस्त, 2026 को शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं।