

चिसिनाउ (मोल्दोवा) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को मोल्दोवा की ऐतिहासिक यात्रा पर पहुंचीं। यह किसी भी भारतीय राष्ट्राध्यक्ष की मोल्दोवा की पहली यात्रा है। यह दौरा उनकी तीन देशों की यूरोप यात्रा का पहला चरण है, जिसका उद्देश्य व्यापार, प्रौद्योगिकी, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है।
राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बताया कि चिसिनाउ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति मुर्मू का मोल्दोवा के उपप्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री मिहाई पोपशोई ने गर्मजोशी से स्वागत किया। अपने मोल्दोवा प्रवास के दौरान राष्ट्रपति मुर्मू, मोल्दोवा की राष्ट्रपति माइया सांडू के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगी। इसके अलावा वह मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसू से भी मुलाकात करेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम में मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों के साथ चर्चा, एक बिजनेस फोरम को संबोधित करना तथा भारतीय समुदाय के सदस्यों से संवाद भी शामिल है। मोल्दोवा पूर्वी यूरोप का 33,846 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल वाला एक छोटा, स्थलरुद्ध (लैंडलॉक्ड) देश है, जिसकी सीमाएं पश्चिम में रोमानिया तथा उत्तर, पूर्व और दक्षिण में यूक्रेन से लगती हैं। मोल्दोवा में लगभग 2,000 भारतीय नागरिक रहते हैं, जिनमें करीब 1,800 मेडिकल छात्र शामिल हैं। इस कारण भारत यहां विदेशी छात्रों के सबसे बड़े समुदायों में से एक है।
मोल्दोवा की यात्रा पूरी कर राष्ट्रपति जाएंगी नॉर्थ मैसेडोनिया
मोल्दोवा की एक दिवसीय यात्रा पूरी करने के बाद राष्ट्रपति मुर्मू 21 से 22 जुलाई तक नॉर्थ मैसेडोनिया का दौरा करेंगी। यह भी किसी भारतीय राष्ट्रपति की उस देश की पहली यात्रा होगी। इसके बाद वह अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में 23 से 25 जुलाई तक रोमानिया जाएंगी। राष्ट्रपति निकुशोर दान के निमंत्रण पर होने वाली यह यात्रा तीन दशक से अधिक समय बाद किसी भारतीय राष्ट्रपति की रोमानिया की पहली यात्रा होगी। राष्ट्रपति की इन तीन देशों की राजकीय यात्राएं इस बात का प्रतीक हैं कि भारत इन देशों के साथ अपने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और व्यापक पूर्वी यूरोपीय क्षेत्र के साथ अपने सहयोग को और गहरा करने को विशेष महत्व देता है। राष्ट्रपति के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बंभानिया, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा और लोकसभा सांसद विजय बघेल भी शामिल हैं।