

सन्मार्ग संवाददाता
श्री विजयपुरम : डिगलीपुर के अंतर्गत परांगरा गांव को विद्युत आपूर्ति प्रदान करने वाला 100 केवीए क्षमता का वितरण ट्रांसफार्मर (डीटी) 4 जून 2026 को तड़के लगभग 2.30 बजे खराब हो गया था। विभाग द्वारा उपलब्ध 100 केवीए ट्रांसफार्मर को मौके पर स्थापित करने की तैयारी की गई थी, किंतु भारी वर्षा के कारण उसे 5 जून को चालू नहीं किया जा सका। बाद में 6 जून को दोपहर 12 बजे उक्त ट्रांसफार्मर को चालू करने का प्रयास किया गया। हालांकि विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए किए गए परीक्षण के दौरान तकनीकी कारणों से वह भी सफलतापूर्वक चालू नहीं हो सका। विद्युत आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध अतिरिक्त ट्रांसफार्मरों की तलाश की। इस दौरान निम्बूडेरा, मोहनपुर और तुगापुर क्षेत्रों में उपलब्ध ट्रांसफार्मरों की जांच की गई। जांच में पाया गया कि निम्बूडेरा और मोहनपुर में 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर उपलब्ध हैं, लेकिन मोहनपुर में उपलब्ध ट्रांसफार्मर सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक इंसुलेशन रेजिस्टेंस मानकों पर खरा नहीं उतर रहा था। वहीं निम्बूडेरा में स्थापित ट्रांसफार्मर को उसकी जटिल एवं महत्वपूर्ण स्थापना व्यवस्था के कारण तत्काल हटाकर स्थानांतरित करना संभव नहीं था। इसके बाद तुगापुर में उपलब्ध 50 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर को प्राथमिकता के आधार पर 6 जून को परांगरा लाया गया। आवश्यक तकनीकी मानकों तथा निर्धारित आईआर वैल्यू प्राप्त करने के लिए ट्रांसफार्मर को आवश्यक हीटिंग प्रक्रिया से गुजारा गया। इसके उपरांत ट्रांसफार्मर को स्थापित कर 7 जून को दोपहर 1 बजे सफलतापूर्वक चालू किया गया, जिससे पूरे प्रभावित क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई। इस बीच विभाग ने स्थायी एवं अधिक विश्वसनीय समाधान सुनिश्चित करने तथा दूरदराज क्षेत्रों में पर्याप्त बैकअप व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 63 केवीए, 100 केवीए, 160 केवीए तथा 200 केवीए क्षमता के वितरण ट्रांसफार्मर श्री विजयापुरम से उपलब्ध प्रथम काफिले के माध्यम से डिगलीपुर भेज दिए हैं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग किया जा सके। अंडमान एवं निकोबार प्रशासन के विद्युत विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि क्षेत्रीय टीमों के गहन प्रयासों तथा प्राथमिकता के आधार पर किए गए मरम्मत कार्यों के परिणामस्वरूप मायाबंदर और तुगापुर क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति 6 जून 2026 को सफलतापूर्वक सामान्य कर दी गई है। वर्तमान में मायाबंदर और तुगापुर के उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली आपूर्ति प्राप्त हो रही है तथा विभाग की टीमें व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए हैं ताकि दोनों क्षेत्रों में निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत सेवा सुनिश्चित की जा सके।