पीडीपी के मार्च को पुलिस ने रोका, कई नेता हिरासत में

उमर अब्दुल्ला सरकार के खिलाफ हल्ला बोल
पीडीपी के मार्च को पुलिस ने रोका, कई नेता हिरासत में
Published on: 

श्रीनगर (जे के ब्यूरो) : विपक्षी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) द्वारा जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार के खिलाफ मंगलवार को निकाले जा रहे मार्च को पुलिस ने यहां विफल कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि पीडीपी के कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। पीडीपी नेता और कार्यकर्ता यहां शेर-ए-कश्मीर पार्क के पास स्थित पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए। उन्होंने सरकार पर उसके वादे पूरे नहीं करने तथा जनविश्वास को लगातार तोड़ने का आरोप लगाते हुए लाल चौक की ओर मार्च निकालने की कोशिश की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से लौटने को कहा, लेकिन वे मार्च करते रहे। बाद में पुलिस ने उन्हें रोका और कई लोगों को हिरासत में ले लिया। पीडीपी के महासचिवों अब्दुल हक खान और मोहम्मद खुर्शीद आलम, वरिष्ठ नेता गुलाम नबी लोन हंजुरा और सैयद बशारत बुखारी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पार्टी की महिला इकाई की कुछ नेता भी हिरासत में ली गयीं। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने से पहले, हंजुरा ने पुलिस की कार्रवाई को सरकार की ‘तानाशाही’ करार दिया। उन्होंने कहा, ‘हम पीने के पानी की अनुपलब्धता, बिजली दरों में वृद्धि और जम्मू कश्मीर के बाहर जेलों में बंद हमारे युवाओं की रिहाई की मांग को लेकर मार्च निकालने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन उपराज्यपाल के शासन और उमर अब्दुल्ला सरकार की यह तानाशाही देखिए कि हमें शांतिपूर्वक प्रदर्शन करने की भी अनुमति नहीं दी जा रही।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News