

ढाका : बांग्लादेश की एक अदालत ने 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए अनिवार्य अंतरिम दिशा-निर्देश तैयार करने का आदेश दिया है। साथ ही, बच्चों पर सोशल मीडिया के एल्गोरिदम आधारित कंटेंट के प्रभावों की जांच के लिए स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने को कहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार, उच्चतम न्यायालय के उच्च न्यायालय प्रभाग ने रविवार को एक रिट याचिका पर सुनवाई के दौरान यह निर्देश दिया। याचिका में बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल को नियंत्रित करने के लिए राष्ट्रीय नीति नहीं बनाए जाने पर सवाल उठाया गया था। न्यायमूर्ति सिकदर महमूदुर रजी और न्यायमूर्ति फातिमा अनवर की पीठ ने डाक एवं दूरसंचार विभाग के सचिव तथा बांग्लादेश दूरसंचार नियामक आयोग के अध्यक्ष समेत संबंधित अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया। अदालत ने साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, बाल मनोवैज्ञानिकों, बाल रोग विशेषज्ञों और कानूनी विशेषज्ञों की समिति बनाने को कहा है। समिति सोशल मीडिया के एल्गोरिदम आधारित कंटेंट का बच्चों के व्यवहार, मानसिक स्वास्थ्य और विकास पर पड़ने वाले प्रभावों का आकलन कर अपनी रिपोर्ट अदालत को सौंपेगी।