राटा जेट्टी का लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए : जिला परिषद

राटा जेट्टी का लंबित निर्माण कार्य शीघ्र पूरा किया जाए : जिला परिषद
Published on

सन्मार्ग संवाददाता

श्री विजयपुरम : मध्य अंडमान के लॉन्ग आइलैंड के जिला परिषद सदस्य अशोक हलदर ने शिपिंग सेवा निदेशालय और अंडमान प्रशासन से नई येराटा जेट्टी के लंबे समय से लंबित निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि परियोजना में हो रही लगातार देरी से स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सन्मार्ग संवाददाता से बातचीत में हलदर ने बताया कि येराटा जेट्टी कई वर्ष पहले गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके पुनर्निर्माण का मुद्दा जिला योजना समिति की बैठकों में कई बार उठाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि उपायुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा भी दिया था, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने येराटा में वाहन फेरी जेट्टी के निर्माण की मांग भी दोहराते हुए कहा कि यह मार्ग रंगत और लॉन्ग आइलैंड के बीच सबसे छोटा एवं रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। यदि यहां आधुनिक वाहन फेरी जेट्टी का निर्माण किया जाता है और प्रतिदिन कम से कम तीन नियमित फेरी सेवाएं संचालित की जाती हैं, तो पूरे क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था अधिक सुगम और प्रभावी हो जाएगी। हलदर के अनुसार इस परियोजना के पूरा होने से स्थानीय पर्यटन को नई गति मिलेगी, यात्रियों का आवागमन आसान होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र के समग्र आर्थिक विकास को बल मिलेगा। उन्होंने शिपिंग सेवा निदेशालय और प्रशासन से जनहित को प्राथमिकता देते हुए येराटा जेट्टी के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नियमित फेरी सेवाओं का विस्तार सुनिश्चित करने के लिए जल्द आवश्यक कदम उठाने की अपील की।


Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in