सियालदह-राजधानी एक्सप्रेस में यात्री ने की फायरिंग

सियालदह-राजधानी एक्सप्रेस में यात्री ने की फायरिंग
Published on: 

धनबाद : झारखंड के धनबाद में सियालदह-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने गोलीबारी कर दी। ट्रेन के एक कोच अटेंडेंट के साथ सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान 41 वर्षीय एक व्यक्ति ने गोलीबारी की। रेलवे के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद डिवीजन अंतर्गत आने वाले धनबाद और गोमो स्टेशनों के बीच कोच संख्या बी-7 में बृहस्पतिवार रात करीब पौने दस बजे हुई घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। रेलवे अधिकारी ने बताया कि आरोपी सेना का सेवानिवृत कर्मी है। आरोपी की पहचान हरविंदर सिंह के रूप में की गई है।
आरोपी ने नशे में की फायरिंग
बता दें क‌ि रेलवे अधिकारियों ने बताया क‌ि ऐसा प्रतीत होता है कि जब उसने गोलीबारी की, तब वह नशे में था। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक अधिकारी ने कहा कि सिंह के पास हावड़ा-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का टिकट था, लेकिन वह बृहस्पतिवार शाम को धनबाद रेलवे स्टेशन पर गलती से सियालदह-नयी दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में चढ़ गए। अधिकारी ने बताया कि ट्रेन में चढ़ने के बाद सीट को लेकर सिंह की कोच अटेंडेंट से बहस हो गई और बहस के बीच उसने कथित तौर पर अपनी रिवॉल्वर से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि आरपीएफ जवानों ने तुरंत पिस्तौल जब्त कर ली और कोडरमा रेलवे स्टेशन पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले भी हुई थी ऐसी घटना
इससे पहले जुलाई में जयपुर-मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस ट्रेन में गोलीबारी की एक ऐसी ही घटना हुई थी। रेलवे सुरक्षा बल के कांस्टेबल चेतन चौधरी ने अपने एस्कॉर्ट ड्यूटी प्रभारी, सहायक उप-निरीक्षक टीका राम मीना और तीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। चौधरी को कथित तौर पर अपराध के लिए इस्तेमाल किए गए हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया था और उस पर हत्या, अपहरण और भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए के उल्लंघन का आरोप लगाया गया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in