

काहिरा : सूडान के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में सोमवार को बिजली केंद्रों पर ड्रोन हमले हुए, जिससे चार राज्यों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सरकारी बिजली कंपनी सूडान इलेक्ट्रिसिटी होल्डिंग कंपनी ने इन हमलों के लिए अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) को जिम्मेदार ठहराया है। कंपनी के अनुसार, हमलों से सेना के नियंत्रण वाले करीब आधे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई है। सनार, अल कादरिफ, व्हाइट नाइल और गेजिरा राज्यों में बिजली गुल हो गई, जिससे देश के राष्ट्रीय बिजली ग्रिड की स्थिरता पर खतरा पैदा हो गया है। बिजली कंपनी ने बताया कि सिंजा, अल हवाता, अल फाओ, मशकूर और गेजिरा राज्य के अल-जुनैद में बिजली केंद्रों को निशाना बनाया गया। हमलों में उपकरणों को भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। आरएसएफ ने भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सूडान में अप्रैल 2023 से सेना और आरएसएफ के बीच गृहयुद्ध जारी है।