

जम्मू (जे के ब्यूरो) : जम्मू कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक खेत से संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार, सीमा सुरक्षा बल ने तलाशी अभियान के दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 800 मीटर दूर लालफामकिमा सीमा चौकी के पास से यह ड्रोन बरामद किया।
इसकी पहचान ‘डीजेआई मैट्रिस 300 आरटीके’ के रूप में हुई है। बरामदगी के समय ड्रोन के साथ कोई पेलोड (सामान) नहीं मिला। ड्रोन को विस्तृत जांच के लिए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच अधिकारी इस उपकरण का तकनीकी विश्लेषण करेंगे ताकि उसके मूल स्थान, स्वामित्व और संभावित उड़ान इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
2 हथगोलों के साथ एक व्यक्ति गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सुरक्षा बलों ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से 2 हथगोले बरामद किए हैं। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि जिले के तंगमर्ग के बदरकोट वन क्षेत्र से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।
उसकी पहचान गुलाम जिलानी रेशी के रूप में हुई है। प्रवक्ता के मुताबिक, रेशी के पास से एक हथगोला बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखा गया एक और हथगोला बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि तंगमर्ग पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद विस्फोटकों के स्रोत, उनके इस्तेमाल के संभावित उद्देश्य और आरोपी के संभावित संपर्कों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।