अवैध प्रवासियों से परेशान हुआ पाकिस्तान, नहीं जाने पर होगी कार्रवाई

अवैध प्रवासियों से परेशान हुआ पाकिस्तान, नहीं जाने पर होगी कार्रवाई
Published on: 

इस्लामाबाद : अफगानिस्तान के 17 लाख नागरिकों समेत सभी अवैध प्रवासियों के पाकिस्तान छोड़कर जाने की समयसीमा नजदीक आने पर अंतरिम गृह मंत्री सरफराज बुगती ने सोमवार को कहा कि 'अगर ये परदेसी खुद देश छोड़कर नहीं जाते हैं तो कार्यवाहक सरकार उन्हें चरणबद्ध तरीके से निकालना शुरू करेगी। पाकिस्तान ने इस महीने अवैध प्रवासियों के देश छोड़कर जाने के लिए 31 अक्टूबर की समयसीमा की घोषणा की थी। सूत्रों के अनुसार एक नवंबर के बाद सरकार अवैध रूप से रह रहे प्रवासियों को चरणबद्ध तरीके से निकालने का अपना अभियान शुरू करेगी। बुगती ने पुष्टि की है कि पिछले तीन दिन में 20,000 से अधिक अवैध विदेशी पाकिस्तान छोड़कर चले गए हैं। ऐसे में सभी प्रांतीय सरकारें अवैध विदेशियों के खिलाफ अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। मंडल और जिला स्तर पर समितियों का गठन किया गया है। अंतरिम गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि अवैध विदेशी नागरिकों को चरणबद्ध तरीके से निकाला जाएगा और पहले चरण में उन लोगों को उनके देश भेजा जाएगा जिनके पास कोई यात्रा दस्तावेज नहीं है। अवैध प्रवासियों को सरकार द्वारा बनाए गए अस्थायी केंद्रों में ले जाया जाएगा। इनमें से कई प्रवासी सालों से पाकिस्तान में रह रहे हैं।

'अवैध प्रवासी केंद्र में दी जाएगी मूलभूत सुविधाएं'

उन्होंने आगे कहा कि सरकार ने भू-मानचित्रण (जियो मैपिंग) का काम पूरा कर लिया है और जहां कहीं भी अवैध विदेशी नागरिक होंगे उनका पता लगा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि समयसीमा खत्म होने के बाद अवैध प्रवासियों को रखने के लिए केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने अवैध प्रवासियों की सुरक्षा के बारे में एक सवाल पर कहा 'इन केंद्रों पर अवैध विदेशी नागरिकों को सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया करायी जाएंगी। विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलोच ने सोमवार को कहा कि प्रत्यर्पण योजना पाकिस्तान में रह रहे 'सभी अवैध विदेशियों पर लागू होती है, चाहे उनकी कोई भी नागरिकता हो।'

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in