

लाहौर : पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर लगी पाबंदी बृहस्पतिवार को एक और महीने के लिए बढ़ाते हुए 24 दिसंबर 2026 तक प्रभावी कर दी। पाकिस्तान विमानपत्तन प्राधिकरण (पीएए) की ओर से वायुयान चालकों के लिए जारी नोटिस (नोटम) से यह जानकारी सामने आई है। पीएए की ओर से जारी नोटम के मुताबिक, भारत में पंजीकृत सभी विमानों के साथ-साथ भारतीय विमानन कंपनियों के स्वामित्व वाले, उनकी ओर से संचालित या पट्टे पर लिए गए विमानों को भी 24 दिसंबर तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। नोटम के अनुसार, यह प्रतिबंध भारतीय सैन्य विमानों पर भी लागू होगा। भारत और पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में पर्यटकों को निशाना बनाकर किए गए आतंकवादी हमलों के बाद एक-दूसरे के विमानों पर अपने हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी थी। दोनों देश तब से प्रतिबंध अवधि में कई बार विस्तार कर चुके हैं। भारत ने पाकिस्तानी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र 30 अप्रैल 2025 को बंद कर दिया था।