कल्याण में इमारत की स्लैब गिरने के मामले में मालिक गिरफ्तार

6 की हुई थी मौत
कल्याण में इमारत की स्लैब गिरने के मामले में मालिक गिरफ्तार
Published on: 

ठाणे : महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण क्षेत्र में एक इमारत की स्लैब गिरने से छह लोगों की मौत के मामले में एक फ्लैट मालिक को अवैध निर्माण कार्य कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर सप्तशृंगी इमारत की चौथी मंजिल पर एक फ्लैट में फर्श का काम किया जा रहा था, जिससे उसकी स्लैब टूटकर नीचे गिर गयी। इस घटना में जान गवाने वालों में दो साल की एक बच्ची भी शामिल है, जबकि छह अन्य लोग घायल हुए हैं।

बिना किसी अनुमति के फर्श का करा रहा था काम

कोलसेवाडी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक गणेश नहायदे ने बताया कि फ्लैट क्रमांक 401 के निवासी कृष्ण लालचंद चौरसिया (40) को मंगलवार रात को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 105, 125 और महाराष्ट्र प्रादेशिक एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने बताया, ‘ कृष्ण लालचंद चौरसिया ने संबंधित प्राधिकरणों से अनुमति लिए बिना अवैध रूप से फर्श का काम करवाया था। मामले की आगे जांच जारी है।’ कल्याण के उप संभागीय अधिकारी विश्वास गुजर ने कहा कि इमारत अब रहने योग्य नहीं रह गयी है, इसलिए उसे ढहाया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, 30 वर्ष पुरानी यह इमारत कल्याण (पूर्व) के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित है। यह उन इमारतों की सूची में शामिल नहीं थी, जिन्हें रहने के लिए खतरनाक घोषित किया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in