

लाहौर : उत्तराखंड स्थित श्री हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा के लिए भारतीय वीजा हासिल करने वाले 92 पाकिस्तानी सिखों को शुक्रवार को भारत जाने वाली अप्रत्यक्ष उड़ान में सवार होने से रोक दिया गया। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) के एक अधिकारी ने बताया कि सभी लोग लाहौर से करीब 150 किलोमीटर दूर फैसलाबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचे थे। उन्हें खाड़ी देश के लिए उड़ान भरने वाली एक एयरलाइन में सवार होना था, जहां से उन्हें भारत जाना था हालांकि, आव्रजन अधिकारियों ने वापसी टिकट और संघीय सरकार का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं होने के कारण उन्हें रोक दिया। अधिकारी के अनुसार, दस्तावेज पेश करने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाएगी। पाकिस्तान और भारत के बीच फिलहाल सीधी हवाई, रेल या सड़क सेवा नहीं है। इन सिखों ने दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के माध्यम से खुद भारतीय वीजा हासिल किए थे। उन्होंने पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति से समन्वय कर वाघा सीमा के रास्ते भारत आने की सलाह दी।