ऑस्ट्रेलिया में 1 लाख से ज्यादा कॉकरोच जब्त, करोड़ों में है कीमत

कड़े बायोसिक्योरिटी कानूनों के तहत करोड़ों की कीमत वाले इन विदेशी कॉकरोचों को नष्ट कर दिया गया, सरकार ने चेतावनी दी कि ऐसे जीव पर्यावरण, कृषि और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं
बरामद कॉकरोच की कीमत आंकी गई है करीब 1.5 करोड़ रुपए
मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच और ड्यूबिया कॉकरोच किए गए जब्त
Published on

ऑस्ट्रेलिया से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। अधिकारियों ने यहां 1,00,000 से ज्यादा जिंदा कॉकरोच जब्त किए हैं। यह अब तक विदेशी बिना रीढ़ वाले जीवों की सबसे बड़ी जब्ती मानी जा रही है। इन कॉकरोच को न्यू साउथ वेल्स के बाथर्स्ट शहर में एक कमर्शियल ब्रीडर के पास से पकड़ा गया।

1.35 करोड़ रुपए है कीमत

पर्यावरण और जल विभाग के अनुसार, जब्त किए गए कॉकरोच में मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच और ड्यूबिया कॉकरोच शामिल हैं। इनकी कुल कीमत लगभग 2,00,000 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 1.35 करोड़ रुपये) बताई जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इन सभी कॉकरोच को नष्ट कर दिया जाएगा।

मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच दुनिया के सबसे बड़े कॉकरोच में गिने जाते हैं, जिनकी लंबाई 2 से 3 इंच तक हो सकती है। यह सामान्य ऑस्ट्रेलियाई कॉकरोच से काफी बड़े होते हैं। तस्वीरों में ये चमकदार भूरे रंग के और इंसानी उंगली से भी बड़े नजर आते हैं।

आष्ट्रेलिया में रखना और बेचना है गैरकानूनी

जांच में सामने आया है कि इन विदेशी कॉकरोच को छिपकली जैसे पालतू जानवरों के भोजन के रूप में इस्तेमाल करने के लिए लाया गया था। विशेषज्ञों का मानना है कि इनके बड़े आकार के कारण कम संख्या में भी यह भोजन के रूप में पर्याप्त होते हैं।

ऑस्ट्रेलिया में मेडागास्कर हिसिंग और ड्यूबिया कॉकरोच को रखना, पालना या बेचना पूरी तरह गैर-कानूनी है। सख्त बायोसिक्योरिटी नियमों के तहत देश अपने पर्यावरण और कृषि को बाहरी खतरों से बचाने के लिए कड़े कदम उठाता है।

पर्यावरण के लिए बन सकते हैं खतरा

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इस तरह के विदेशी जीव पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। ये नए रोग और सूक्ष्मजीव फैला सकते हैं, जिससे स्थानीय वन्यजीवों और इंसानों दोनों पर असर पड़ सकता है।

सरकार ने साफ किया है कि जो भी व्यक्ति अवैध रूप से ऐसे जीवों के साथ पकड़ा जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in