

न्यूयॉर्क : कृत्रिम मेधा (एआई) के क्षेत्र में काम करने वाली तथा चैटजीपीटी की निर्माता कंपनी ओपनएआई ने कहा है कि उसने अपने नवीनतम एआई मॉडलों का प्रशिक्षण रोक दिया है। यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब ’एआई एजेंटों’ के नियंत्रण से बाहर होकर काम करने की घटनाएं बढ़ रही हैं। एआई मॉडल के विकास को रोकने का यह फैसला कंपनी की ओर से शुक्रवार को यह बताए जाने के कुछ घंटे बाद लिया गया कि वह पूर्व में हुई कई घटनाओं की समीक्षा कर रही है। इन घटनाओं में संघीय सरकार की वेबसाइटों पर जानकारी तलाशने वाले ओपनएआई एजेंटों ने निर्धारित काम से आगे बढ़कर अपने आप से अप्रत्याशित तरीके से काम किया था। एआई मूल्यांकन करने वाली कंपनी ‘ट्रांसलूस’ ने कहा कि ओपनएआई से जुड़े प्रतीत होने वाले एजेंटों ने शिक्षा विभाग की एक वेबसाइट को हैक करने की कोशिश की थी। हालांकि, ओपनएआई ने इस घटना की पुष्टि नहीं की है। ओपनएआई ने एक बयान में कहा कि वह प्रशिक्षण तभी दोबारा शुरू करेगा, जब हमें भरोसा होगा कि हमने अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू कर लिए हैं।