दिल्ली में ऑनलाइन नौकरी घोटाले का भंडाफोड़, सरगना सहित 13 गिरफ्तार

जाने क्या है पूरा मामला
दिल्ली में ऑनलाइन नौकरी घोटाले का भंडाफोड़, सरगना सहित 13 गिरफ्तार
Published on: 

नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने एक अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है जो नौकरी चाहने वालों को पैसों का लालच देकर उनके साथ धोखाधड़ी करता था।

पुलिस उपायुक्त (नयी दिल्ली) देवेश कुमार महला ने गुरुवार को बताया कि इस सिलसिले में ऑनलाइन नौकरी घोटाले के सरगना समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई एक महिला द्वारा दर्ज करायी गयी शिकायत के बाद की गयी, जिसने चिकित्सा क्षेत्र में नौकरी की तलाश करते हुए जनवरी में शाइन डॉट कॉम और नौकरी डॉट कॉम पर अपनी निजी जानकारियां अपलोड की थीं। सत्ताइस जनवरी को उसे एक महिला का फोन आया जिसने खुद को प्रिया बताया और उसे नौकरी का प्रस्ताव दिया तथा 500 रुपये की राशि मांगी।

पीड़ित महिला द्वारा धन राशि जमा कराने के बाद अतुल नाम के एक व्यक्ति ने उससे संपर्क किया, जिसने टेलीफोन पर साक्षात्कार लिया और प्रशिक्षण के लिए 3,999 रुपये की मांग की। अगले कुछ दिनों में शिकायती महिला से दस्तावेज सत्यापन के लिए 7,500 रुपये, कार्य किट भेजने के लिए 7,250 रुपये का अतिरिक्त भुगतान करने के लिए कहा गया तथा अंततः उससे वेतन वाले खाते की जांच के लिए 11,000 रुपये की मांग की गयी। महला ने कहा कि पीड़ित महिला को संदेह हुआ और उसने पैसे देने से इनकार कर दिया। जब उसे एहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है, तो उसने पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ से संपर्क किया। स्थानीय पुलिस की सहायता से दिल्ली पुलिस ने 14 मई को घटनास्थल पर छापा मारा, जिसके बाद फाहिक सिद्दीकी के साथ छह अन्य पुरुषों और छह महिलाओं को गिरफ़्तार किया गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News