

नई दिल्ली - 20 फरवरी को दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद रामलीली मैदान में शपथ गहण कर सकते हैं। सूत्रो से आ रही जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह 20 फरवरी को शाम साढ़े चार बजे होने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित भाजपा के शीर्ष नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।
शपथ ग्रहण समारोह से पहले होगी विधायक दल की बैठक
आपको बता दें कि शपथ ग्रहण समारोह से पहले बुधवार को भाजपा विधायक दल की एक बैठक होगी। इसी बैठक दल में उस नेता का चयन किया जाएगा जो दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री होगा। इस बैठक में शपथ ग्रहण समारोह के ब्योरे पर भी चर्चा की जाएगी। भाजपा दिल्ली विधानसभा चुनाव को जीत कर 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। भाजपा की जीत के साथ दिल्ली में आम आदमी पार्टी का 10 साल का शासन खत्म हो गया। दिल्ली की 70 विधानसभा सीट में से भाजपा ने 48 पर जीत हासिल की। वहीं दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी केवल 22 सीट ही जीत पाई।
प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे
मुख्यमंत्री पद के लिए कई नाम चर्चा में हैं। इन सबमे सबसे आगे माने जा रहे हैं प्रवेश वर्मा। इन नामों में भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और सतीश उपाध्याय के भी नाम शामिल हैं। प्रवेश वर्मा ने विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराया था। आपको बता दें कि प्रवेश वर्मा जाट बिरादरी में आते हैं। इस वजह से उन्हें मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
पवन शर्मा, आशीष सूद, रेखा गुप्ता और शिखा राय सहित अन्य को भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी में कई नेताओं का ऐसा मानना है कि राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की तरह भाजपा नेतृत्व नवनिर्वाचित विधायकों में से किसी एक पर दांव लगा सकता है।